देश में जारी किसान आंदोलन के बीच कृषि मंत्री का बयान, कहा - जारी रहेगी MSP

नईदिल्ली। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केन्द्र सरकार किसानों के हितों के लिए समर्पित है। लेकिन कुछ लोग न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर भ्रम फैला रहे हैं कि सरकार इसे समाप्त कर रही है।
तोमर ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि एमएसपी थी, है और रहेगी। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानून आने के बाद भी केन्द्र सरकार लगातार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद कर रही है। फसलों पर एमएसपी बढ़ाई भी गई है, फसलों की खरीद में वृद्धि हुई है और उत्पादन भी बढ़ा है।
तोमर ने कहा कि रबी सीजन की छह फसलों के लिए आज एमएसपी का निर्धारण किया गया है। गेहूं, सरसो पर एमएसपी की बढ़ोतरी 100 फीसदी तक की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 में 1975 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का भाव रहा जबकि प्रति क्विंटल उत्पादन पर किसानों की लागत 1 हजार आठ रुपये थी। वहीं वर्ष 2022-23 में गेहूं का दाम 2015 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। चना, मसूर सहित जौ की फसल पर समुचित एमएसपी की घोषणा की गई है।