एमजे अकबर ने किया मानहानि का केस
नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर ने रविवार को अपनी सफाई देने के बाद आज (15 अक्टूबर) कानूनी रास्ता अपनाया है। उन्होंने आरोप लगाने वाली एक पत्रकार प्रिया रमानी पर मानहानि का केस किया है। अकबर ने सोमवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में अपने वकीलों के माध्यम से यह केस किया।
हम आपको बता दें कि एमजे अकबर पर करीब एक दर्जन महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इसके बाद विपक्षी दल जोर-शोर से उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। फिर रविवार को अकबर ने खुद सामने आकर सफाई दी थी। इस्तीफे की मांग को नजरअंदाज करते हुए विदेश राज्यमंत्री एम.जे. अकबर ने कहा था कि उनके खिलाफ आरोप झूठे और निराधार हैं। उन्होंने आरोप लगाने वाली महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही थी। अकबर ने सफाई देते हुए कहा था, 'कुछ हिस्सों को सबूत के बिना आरोप लगाने का संक्रामक बुखार हो गया है। मामला जो भी हो, अब मैं स्वदेश लौट आया हूं और आगे की कार्रवाई के लिए मेरे वकील इन आरोपों का पता लगाएंगे और आगे की कानूनी कार्रवाई पर फैसला लेंगे।'