मॉब लिंचिंग एक जघन्य अपराध : मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विपक्षी दलों के महागठबंधन को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। एक साक्षात्कार में मोदी ने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते हुए कहा कि विपक्ष का महागठबंधन नहीं बल्कि विरासत का महागठबंधन है। वहीं मॉब लिंचिंग पर मोदी ने कहा कि ऐसी एक भी घटना का देश में होना दु:खद है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके पीछे वजह कोई भी हो लेकिन यह एक जघन्य अपराध है। मोदी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, किसी भी हालात में, कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता और हिंसा नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री ने संसद में राहुल गांधी के गले मिलने से जुड़े सवाल पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष इशारा देखकर खुद तय करें कि उनकी हरकत कैसी थी।
उन्होंने जीएसटी पर सवाल उठाते हुए पूछा आखिर क्यों लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही है? पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों का खुद के ऊपर से विश्वास खत्म हो गया है, उन लोगों को जन समर्थन खोने का डर सता रहा है। ऐसे लोग गृहयुद्ध, खूनखराबा और देश के टुकड़े-टुकड़े जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। भरोसा खोने वालों को अब देश की संस्थाओं पर भी भरोसा नहीं नहीं हो रहा है।