आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए 75 कार्यकर्ता

नईदिल्ली। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। राज्य में चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे वैसे भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में दूसरी पार्टियों से लोग सामने आ रहे हैं। मंगलवार को ऐसे ही एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी के 75 नेता और कार्यकर्त्ता एक झटके में भाजपा में शामिल हो गए, जिन्हें देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।
जहां एक तरफ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुनावी तैयारियों के लिए जद्दोजहद कर रही हैं तो वहीं भाजपा लगातार अपना विस्तार करती जा रही है। मंगलवार को देहरादून स्थित भाजपा पार्टी मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 75 आम आदमी पार्टी नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया। इस मौके पर बीजेपी प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत तमाम भाजपाइयों ने आम आदमी पार्टी से शामिल हुए नए लोगों का भाजपा में स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों से प्रेरित होकर लगातार लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। आज इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के 75 से ज्यादा लोगों ने संगठन का दामन थामा है। इन सभी का पार्टी में हार्दिक स्वागत है। हमें उम्मीद है कि इनके आने से पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी और 2022 में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनेगी।
इस मौके पर बीजेपी प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज को देखते हुए लगातार संगठन का विस्तार हो रहा है जिससे पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में इसका फ़ायदा मिलेगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हो गए थे, ऐसे में भाजपा अपने संगठन का उत्तराखंड में विस्तार करती नजर आ रही है।