चुनावी चर्चा : नितिन गडकरी ने दिया संकेत कोई बंगाली ही होगा मुख्यमंत्री

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी और बंगाल का ही कोई लाल मुख्यमंत्री बनेगा। समय आने पर पता चलेगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा सरकार ही बंगाल की तस्वीर बदलेगी। चुनाव के बाद भाजपा के विधायक सामूहिक तौर पर नेता चुनेंगे और वही व्यक्ति मुख्यमंत्री होगा। ममता बनर्जी की पार्टी के नेताओं मंत्रियों सांसदों विधायकों का भी उनसे मोह भंग हो गया है।ये बात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
गडकरी ने कहा कि बंगाल के लोग ममता बनर्जी के कुशासन से त्रस्त हैं और बदलाव चाहते हैं। लोग भाजपा को हर हाल में चुनेंगे। भाजपा ही सोनार बांग्ला बनाएगी। ममता बनर्जी की सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि भाजपा जाति धर्म रंग या किसी अन्य आधार पर कोई भेदभाव अथवा तुष्टिकरण नहीं करती है। बंगाल में भाजपा की 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा करते हुए गडकरी ने कहा कि भाजपा की रैलियों में हो रही भारी भीड़ यहां परिवर्तन का द्योतक है।
यह चुनाव पश्चिम बंगाल का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी बंगाल को देश से अलग करने की साजिश रच रही हैं, भाजपा ही इससे बचा सकती है। यह चुनाव बंगाल की जनता के भविष्य का फैसला करने का है। बंगाल की जनता भय, भूख और आतंक के साए में जी रही है। ममता जी कहती हैं BJP वाले बाहर के हैं। हमारे प्रेरणास्त्रोत श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाल में पैदा हुए तो हम बाहर वाले कैसे हो गए।
2 मई को परिवर्तन होगा। कमल जीतेगा। भाजपा को बहुमत मिलेगा। 3 मई को हमारे नेता का चयन हो जाएगा। 4 मई को भाजपा का मुख्यमंत्री बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाला है। अब इसे कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही केंद्र के साथ कदमताल कर सूबे का चौमुखी विकास होगा। यहां युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और कानून व्यवस्था की बदहाल परिस्थिति को सुधारा जाएगा।