Mumbai: हिंदुस्तानी भाऊ ने फराह खान के खिलाफ दर्ज कराई FIR, हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का किया अपमान

Hindustani Bhau Filed an FIR Against Farah Khan : मुंबई। मशहूर फिल्म डायरेक्टर फराह खान के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज कर लिया गया है। यह केस हिन्दुस्तानी भाऊ के नाम से मशहूर इंफ्लुएंसर विकास पाठक ने दर्ज करवाया है। उनका कहना है कि, डायरेक्टर फराह खान ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान किया है।
होली को बताया छपरी त्योहार
हिन्दुस्तानी भाऊ उर्फ़ विकास पाठक के वकील एडवोकेट अली काशिफ खान देशमुख ने बताया कि, होली के त्योहार को 'छपरी' त्योहार बताकर फराह खान ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान किया है। FIR में कहा गया है कि 20 फरवरी 2025 को पॉपुलर शो 'सेलिब्रेटी मास्टरशेफ' में फराह खान ने होली को 'छपरियों' का त्योहार बताया। आमतौर पर छपरी शब्द का इस्तेमाल अपमानजनक शब्दों के साथ किया जाता है।
यह पूरी कॉन्ट्रोवर्सी सेलिब्रेटी मास्टरशेफ शो (Celebrity Masterchef) के एक एपिसोड से शुरू हुई है। इस शो की जज फराह खान हैं। फराह खान ने शो के एक एपिसोड में होली को लेकर कमेंट किया था। उन्होंने कहा कि सारे छपरी लड़कों का पसंदीदा त्योहार होली है। फराह का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद उनकी जमकर आलोचना हो रही है।
कुछ लोग उनसे माफी मांगने की मांग कर रहे हैं तो कुछ उन पर कार्रवाई करने की मांग। कुछ यूजर्स ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक को टैग करके उन पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं हिन्दुस्तानी भाऊ ने फराह खान के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है।