Bijapur Naxal Encounter: बीजापुर नक्सल मुठभेड़ में घायल जवानों से मिले गृहमंत्री, बोले- बहादुर जवानों ने बड़े ऑपरेशन को दिया अंजाम

बीजापुर नक्सल मुठभेड़ में घायल जवानों से मिले गृहमंत्री
Home Minister met Injured soldiers in Bijapur Encounter : छत्तीसगढ़। बीजापुर नक्सल मुठभेड़ में जवानों ने 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इस मुठभेड़ में दो जवान भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इन्ही जवानों से शुक्रवार 17 जनवरी को मुलाकात की है। इस दौरान गृहमंत्री ने कहा कि, जहां मुठभेड़ हुई वो एक दुर्गम क्षेत्र था और जवानों ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, दोनों जवान अब स्वस्थ हैं और खतरे से बाहर हैं। एक असम से है और दूसरा लद्दाख से है और वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे। उन्होंने अपने परिवारों से बात की है, मैंने भी उनसे बात की है।
उन्होंने मीडिया को बताया कि, एक जवान के पैर में चोट लगी है और डॉक्टरों ने कहा है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएगा, जबकि दूसरे की आंख में चोट लगी है और कल उसकी सर्जरी हुई है। यह एक कठिन क्षेत्र था और जवानों द्वारा एक बड़ा ऑपरेशन किया गया।
उपमुख्यमंत्री ने संबंधित डॉक्टरों और अधिकारियों से जवानों के इलाज की प्रगति की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने कहा कि, इन जवानों के शौर्य और साहस के कारण नक्सल मोर्चे पर हमें निरंतर सफलता मिल रही है।
बता दें कि बीजापुर क्षेत्रान्तर्गत साउथ बस्तर एरिया के जंगलों में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी सुकमा, डीआरजी दंतेवाड़ा, कोबरा 204, 205, 206, 208, 210 और केरिपु 229 बटालियन की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान 16 जनवरी की सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर कई बार मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान होने के संभावना है। फिलहाल घटनास्थल पर सर्च अभियान जारी है।