केंद्र सरकार ने कर्मचारियों को दिया तोहफा, 4% महंगाई भत्ता बढ़ाया, रेलकर्मियों को 78 दिन के बोनस का ऐलान

केंद्र सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया
नईदिल्ली। केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता (DA) 4% बढ़ाकर 46% कर दिया है।इसका लाभ करीब 48.67 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 67.95 लाख पेंशनर्स को होगा।केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में ये निर्णय लिया गया।
नवंबर में मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन
कर्मचारियों को नवंबर माह से बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा। इसमें जुलाई और अक्टूबर के बीच की अवधि का एरियर भी शामिल होगा। इस फैसले से सरकार पर हर साल 12,857 करोड़ रुपए का भार आएगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
रेमलकर्मियों को बोनस -
केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने बताया कि सरकार ने रेलवे के अराजपत्रित कर्मचारियों को 78 दिनों का बोनस देने का निर्णय लिया है। इस पर 1,969 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस साल 2010-2011 से दिया जा रहा है।
छह फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाया -
इसके अलावा मंत्रिमंडल ने आज रबी सीजन की छह फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी वृद्धि की है। तिलहन, सरसों पर 200 रुपये, गेंहू पर 150 रुपये और चने पर 105 रुपये की वृद्धि की गई है।