BLA Attack: पाकिस्तान के क्वेटा से ताफ्तान जा रहे सुरक्षाबलों के काफिले पर हमला, 90 सैनिकों के मारे जाने की खबर

BLA Attack : इस्लामाबाद। पाकिस्तान के क्वेटा से ताफ्तान जा रहे सुरक्षाबलों के काफिले पर हमला किया गया है। यह हमला बीएलए द्वारा किया गया है। सूत्रों के अनुसार नौशकि नाम की जगह पर हुए हमले में 90 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। बीते कुछ दिनों में यह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा किया गया दूसरा बड़ा हमला है।
बताया जा रहा है कि, सेना का काफिला तफ्तान शहर जा रहा था। इस काफिले में सेना की सात बस और दो अन्य वाहन शामिल थे। बलूच लिबरेशन आर्मी द्वारा किया गया यह एक फिदाइन हमला था। आईडी विस्फोटक से लदी एक गाड़ी सेना के काफिले से टकरा गई। इसके बाद तेज धमाका हुआ।
पाकिस्तान ने इस हमले में सात सैनिकों के मारे जाने की जानकारी दी है जबकि बीएलए का कहना है कि, उसके द्वारा किए गए हमले में 90 सैनिक मारे गए।
नोशकी फिदायी हमले पर बीएलए ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा - "90 सैन्यकर्मी मारे गए हैं। BLA बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की फिदायी इकाई मजीद ब्रिगेड ने कुछ घंटे पहले नोशकी में RCD हाईवे पर रखशान मिल के पास एक VBIED फिदायी हमला करके कब्जे वाली पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाया है। काफिले में आठ बसें थीं, जिनमें से एक विस्फोट में पूरी तरह नष्ट हो गई। हमले के तुरंत बाद, BLA के फच स्क्वाड ने आगे बढ़कर एक और बस को पूरी तरह से घेर लिया, व्यवस्थित रूप से उसमें सवार सभी सैन्यकर्मियों को मार डाला, जिससे दुश्मन के हताहतों की कुल संख्या 90 हो गई। BLA ने हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की है। आगे का विवरण जल्द ही मीडिया को जारी किया जाएगा।"
