MS Dhoni: IPL 2025 के बीच धोनी ने तोड़ी चुप्पी, रिटायरमेंट पर दिया साफ जवाब...

IPL 2025 के बीच धोनी ने तोड़ी चुप्पी, रिटायरमेंट पर दिया साफ जवाब...
X

Dhoni broke silence amid IPL 2025: IPL के 17वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 25 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भले ही टीम जीत नहीं सकी, लेकिन एमएस धोनी और विजय शंकर ने नाबाद रहते हुए 84 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर फैंस का दिल जीत लिया। खास बात यह रही कि इस मैच को देखने धोनी के माता-पिता भी चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पहुंचे, जिससे रिटायरमेंट की अटकलें और तेज हो गईं।

हालांकि, अब खुद धोनी ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया है कि फिलहाल उनका IPL से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। यह बयान उन्होंने हाल ही में राज शमानी के पॉडकास्ट के दौरान दिया।

IPL भविष्य पर फैसला अगले 10 महीनों में लेंगे

राज शमानी के पॉडकास्ट में बात करते हुए एमएस धोनी ने अपने संन्यास को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि IPL 2025 के बाद वह तुरंत कोई फैसला नहीं लेंगे, बल्कि अपने शरीर की स्थिति को देखते हुए अगले 10 महीनों में विचार करेंगे कि वो एक और सीजन खेल पाएंगे या नहीं।

धोनी ने यह भी बताया कि वह इस वक्त 43 साल के हैं और जुलाई तक 44 के हो जाएंगे, ऐसे में उनका शरीर ही तय करेगा कि वह मैदान में लौटेंगे या नहीं। धोनी का यह बयान उनके फैंस के लिए राहत भरी खबर है, क्योंकि फिलहाल उनका IPL से अलविदा कहने का कोई इरादा नहीं है।

स्टीफन फ्लेमिंग का बयान

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद जब एक बार फिर एमएस धोनी के संन्यास को लेकर चर्चा तेज हुई तो चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी इस पर बयान दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे धोनी के भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया तो फ्लेमिंग ने साफ कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा कि उन्हें धोनी के साथ काम करने में मजा आ रहा है और फिलहाल दोनों के बीच रिटायरमेंट को लेकर कोई चर्चा नहीं हो रही है। धोनी की फिटनेस और खेल पर भरोसा जताते हुए फ्लेमिंग ने उन्हें अभी भी "बहुत मजबूत खिलाड़ी" बताया।

Tags

Next Story