भोपाल: इन्वेस्टर्स समिट में आएंगे 40 देशों के राजदूत और उच्चायुक्त , बिडला, अड़ाणी सहित कई उद्योगपतियों से मिली सहमति…

इन्वेस्टर्स समिट में आएंगे 40 देशों के राजदूत और उच्चायुक्त , बिडला, अड़ाणी सहित कई उद्योगपतियों से मिली सहमति…
X

भोपाल, विशेष संवाददाता। भोपाल में 24-25 फरवरी को आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में शामिल होने भारत के प्रमुख उद्योग समूहों के कई मालिक सहित 150 अधिक वरिष्ठ नेतृत्वकर्ता शामिल होंगे।

इनमें बिडला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला, अडाणी ग्रुप के प्रमुख गौतम अड़ाणी, संजीव पुरी एवं बाबा कल्याण जैसे उद्योग जगत के कई दिग्गजों के आने की सहमति राज्य सरकार को मिल चुकी है। समिट में 20 से अधिक यूनिकॉर्न के संस्थापक भी शामिल होंगे।

40 देशों के राजदूत और उच्चायुक्त होंगे शामिल

मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय स्तर से भी समिट में अच्छी भागीदारी रहेगी। इसमें 40 से अधिक देशों के राजदूत और उच्चायुक्त शामिल होंगे। जर्मनी, जापान, कनाडा और यूके जैसे देश विशेष भागीदार के रूप में समिट से जुड़ेंगे।

सांस्कृतिक विरासत और औद्योगिक विकास देखेंगे मेहमान

समिट में पधारने वाले देश-विदेश के मेहमानों के लिए भोपाल में विश्वस्तरीय आवास व्यवस्था की जा रही है। समिट के दौरान मेहमानों को भोपाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक औद्योगिक विकास से परिचित कराने की विशेष योजना तैयार की जा रही है।

मेहमानों को भोपाल की रमणीय झीलों, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वन विहार, और राज्य की जीवंत आदिवासी संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले ट्राइबल म्यूजियम का भ्रमण कराया जाएगा। पर्यटन विभाग भोपाल के आस-पास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी इन्हें ले जाने की व्यवस्था कराएगा। इसके अलावा मप्र के औद्योगिक विकास को प्रदर्शित करने के लिए मंडीदीप और पीथमपुर जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की यात्रा का विस्तृत भी तैयार किया जा रहा है।

मेहमानों के स्वागत में मध्य प्रदेश की समृद्ध खान-पान परंपरा को विशेष महत्व दिया गया है। मध्य प्रदेश के कोने-कोने से चुने गए पारंपरिक व्यंजनों को मेनू में शामिल किया गया है, जो राज्य की विविध खान-पान संस्कृति का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय मेहमानों की विविध रुचियों को ध्यान में रखते हुए कॉन्टिनेंटल, चाइनीज़, और मेडिटेरेनियन व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

Tags

Next Story