Assam Floods : बाढ़ से असम में 24 लाख प्रभावित, 70 ने गंवाई जान, राहुल गांधी ने की ये अपील...
Assam Floods
Assam Floods : असम। बाढ़ से असम में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। करीब 24 लाख लोग प्रभावित हैं। अब तक असम में 70 लोगों की मौत हो चुकी है। किसानों को भी बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 68,768.5 हेक्टेयर फसल भूमि जलमग्न हो गई है। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। एलओपी राहुल गांधी ने भी असम में बाढ़ की स्थिति चिंता जताई है। राहुल गांधी ने सीएम और केंद्र सरकार से पीड़ितों की सहायता करने की अपील की है।
राहुल गांधी ने कहा कि, 'असम में बाढ़ की स्थिति लगातार खतरनाक होती जा रही है। मेरी संवेदनाएं बाढ़ से जूझ रहे हमारे भाइयों और बहनों के साथ हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। मैं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे बचाव और पुनर्वास कार्यों में मदद करें। मैं केंद्र और राज्य सरकारों से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित लोगों को सहानुभूतिपूर्वक और शीघ्रता से हर संभव सहायता प्रदान करें।'
प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, 7 जुलाई असम में तक भूस्खलन और बाढ़ के कारण मरने वालों की कुल संख्या 70 हो गई। असम के 29 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य सरकार 577 राहत शिविर लगाकर लोगों को सहायता पहुंचाने का काम कर रही है। फिलहाल करीब 54 हजार लोग राहत शिविर में रहने को मजबूर हैं।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, नीमतीघाट, तेजपुर, ग्वालपाड़ा और धुबरी जिलों में ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पिछले कई दिनों से भारी बारिश और बाढ़ से होने वाली तबाही ने पूर्वी भारत, खासकर पूर्वोत्तर को प्रभावित किया है। बाढ़ से कुल 15 हजार से अधिक जानवर भी प्रभावित हुए हैं।