Hamidia Hospital Employees Strike: हमीदिया अस्पताल में कर्मचारियों की हड़ताल, कांग्रेस बोली - लाडले भाईयों पर भी ध्यान दे मोहन सरकार

हमीदिया अस्पताल में कर्मचारियों की हड़ताल, कांग्रेस बोली - लाडले भाईयों पर भी ध्यान दे मोहन सरकार

Hamidia Hospital Employees Strike : मध्य प्रदेश। भोपाल की हमीदिया अस्पताल में मंगलवार 15 अक्टूबर सुबह से वार्डबॉय और टेक्नीशियन समेत लगभग 500 आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर बैठे है। कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की मोहन सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने कहा कि सरकार को लाडली बहनाओं के साथ-साथ लाडले भाईयों पर भी ध्यान देना चाहिए।

मरीजों का नहीं हो पा रहा इलाज

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने मंगलवार को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर हड़ताल का रहे कर्मचारियों की फोटो को साझा करते हुए लिखा कि भोपाल के हमीदिया अस्पताल में 4 महीने से वेतन न मिलने पर 500 से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर है जिसके कारण मरीज का इलाज सही समय पर नहीं हो पा रहा है।

मध्य प्रदेश में मुफ्त में काम करो या फिर नौकरी छोड़ दो

मुकेश नायक ने मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके साथ एक शिकायत यह भी है कि वेतन मांगने पर काम से निकालने की धमकी भी दी जाती है इसका मतलब तो ये हुआ कि मुफ्त में काम करो या फिर नौकरी छोड़ दो। यानी कि मध्य प्रदेश में बिना वेतन के ही नौकरी की जा सकती है।

मरीजों को हो रही परेशानी

जानकारी के अनुसार धरने पर बैठे सभी कर्मचारियों चार महीने से वेतन नहीं मिला है। सभी कर्मचयारी बकाया वेतन भुगतान की मांग करते हुए अस्पताल परिसर में गेट के सामने नारेबाजी कर रहे हैं। इन कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हमीदिया अस्पताल में आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि इन आउटसोर्स कर्मचारियों की एजाइल सिक्योरिटी सर्विस कंपनी के माध्यम से सेवाएं ली जा रही हैं। यह कंपनी उन्हें वेतन का भुगतान करती है। इन कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन को तीन-चार बार पत्र लिखकर वेतन भुगतान की गुहार लगाई, लेकिन कंपनी द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया गया। इसके चलते कर्मचारियों ने हडताल कर दी।

एजाइल कंपनी को GMC ने 6 महीने से नहीं किया भुगतान

हमीदिया अस्पताल को आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं देने वाली एजाइल कंपनी को जीएमसी ने बीते 6 महीने से भुगतान नहीं किया है, जिसके चलते कंपनी ने कर्मचारियों का वेतन अटका है। अस्पताल प्रबंधन इस मामले में कंपनी के अलावा शासन स्तर पर भी बातचीत कर रहा है, ताकि जल्द से जल्द इस मामले का निपटारा किया जा सके।

Tags

Next Story