Bahraich Violence Row: बहराइच हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, अब तक 14 मुकदमे दर्ज…

बहराइच हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, अब तक 14 मुकदमे दर्ज…
राम गोपाल मिश्रा की हत्या से भड़क उठी थी हिंसा, गिरफ्तारी में प्रेम कुमार और सबूरी मिश्रा शामिल

बहराइच। बहराइच हिंसा मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 13 अक्टूबर को महाराजगंज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हुआ और उसके बाद राम गोपाल मिश्रा की हत्या कर दी गई। इसके बाद हिंसा भड़क गई। पुलिस अब तक इस मामले में 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं स्थानीय पुलिस ने 14 मुकदमों में 13 सौ से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला के मुताबिक बहराइच मामले में वांछित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। इसी क्रम में आरोपी प्रेम कुमार और सबूरी मिश्रा निवासी थाना क्षेत्र हरदी बहराइच को गिरफ्तार किया गया है।

घरों में लगाई आग और की लूटपाट : आरोप है कि 14 अक्टूबर को हुई महराजगंज की घटना में इन लोगों ने लोगों के घरों के सामने खड़े वाहन जला दिए थे। घरों में भी आगजनी की और घर का सामान लूटपाट ले गए थे। इनको 23 अक्टूबर को रमपुरवा चौराहा से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।

दो करोड़ की संपत्ति को नुकसान : जानकारी के मुताबिक बहराइच हिंसा में करीब 113 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। वहीं कई थानों में 14 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसमें 1300 से ज्यादा अज्ञात हमलावर शामिल है। बता दें कि हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।

बीजेपी के नेताओं पर भी आरोप : भाजपा महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने हिंसा के बाद पार्टी से जुड़े लोगों पर ही मुकदमा दर्ज कराया था। इन पर पत्थरबाजी करने समेत हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। मुकदमे में भाजपा नगर अध्यक्ष का नाम भी शामिल है। इसी के बाद से विपक्ष ने यूपी सरकार और भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है।

Next Story