दिल्ली जल संकट पर भाजपा ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, सड़कों पर की नारेबाजी

दिल्ली जल संकट पर भाजपा ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
Delhi Water Crisis : दिल्ली में जनता पानी की बूंद - बूंद को तरस रही है। केजरीवाल सरकार लोगों राहत पहुँचाने की कोशिश कर रही है लेकिन धरातल पर इसका कोई परिणाम नजर नहीं आ रहा। टैंकरों के पीछे भागते दिल्ली वालों की तस्वीरें अब आम हो गई हैं। इस बीच भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली की सड़कों पर भाजपा नेताओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस प्रदर्शन में दिल्ली के सांसद भी शामिल हुए। इसके अलावा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि, "पानी की चोरी हो रही है। अरविंद केजरीवाल और उनके नेता पानी की कालाबाजारी कर रहे हैं। अगर चोरी, कालाबाजारी और लीकेज बंद हो जाए तो दिल्ली को पानी मिल जाएगा।"
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि, "दिल्ली में पानी का संकट कोई नई बात नहीं है, जब से अरविंद केजरीवाल की सरकार सत्ता में है यह पिछले 10 सालों से हर साल होता है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि, जब यह संकट हर साल होता है, तो उन्होंने इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाला?"
नई दिल्ली से बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज भी इस प्रद्रशन में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि, "केजरीवाल सरकार का काम करने का कोई इरादा नहीं है। केजरीवाल सरकार एक दशक से यहां सत्ता में है लेकिन मुख्यमंत्री और उनकी सरकार ने कुछ नहीं किया। दिल्ली का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर बर्बाद हो गया है। जल बोर्ड चरमरा रहा है, ऐसा लगता है कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में अवैध टैंकर माफिया को बढ़ावा दे रही है।