Delhi Air Pollution: वायु प्रदूषण पर BJP ने दिल्ली सरकार को घेरा, बोली- AAP के राज में गैस चैंबर बन गई राष्ट्रीय राजधानी

Delhi Air Pollution : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। इन दिनों हवा की क्वालिटी खराब और जहरीली होती जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गैस मास्क पहनकर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला 'स्मॉग टावर' पहुंचे और बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज में दिल्ली एक गैस का चेंबर बन गई है।
AAP ने दिल्ली की जनता को ठगा
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, आज दिल्ली आम आदमी पार्टी की दोषारोपण की राजनीति के कारण गैस चैंबर बन गई है। उन्होंने बड़े- बड़े वादे किए थे कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करेंगे और आज देखिये यमुना की हालत और दिल्ली तो गैस चैंबर बन गई है।
उन्होंने आगे कहा कि, आम आदमी पार्टी दिवाली पर पटाखों पर प्रतिबंध लगाती है, लेकिन जिस स्मॉग टावर पर 23 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, उस पर ताला लगा दिया गया है। जिस तरह से आम आदमी पार्टी ने प्रदूषण के नाम पर लोगों को ठगा है और दिल्ली को सबसे जहरीला और प्रदूषित शहर बनाने का काम कर रही है, उसका पर्दाफाश किया जाएगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 13 (वायु गुणवत्ता) निगरानी केंद्रों (अशोक विहार, द्वारका सेक्टर 8, पटपड़गंज, पंजाबी बाग, रोहिणी, बवाना, बुराड़ी, जहांगीरपुरी, मुंडका, नरेला, ओखला फेज 2, शादीपुर और विवेक विहार) में रीडिंग 300 से ऊपर दर्ज की गई। वहीं इंडिया गेट पर AQI गिरकर 270 पर आ गया है, जबकि आनंद विहार जैसे इलाकों में यह गिरकर 339 पर आ गया है। बढ़ते प्रदूषण का लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है, कई इलाके धुंध की चादर से ढक गए हैं।
दिल्ली में AQI के कुछ प्रमुख रीडिंग इस प्रकार हैं:
अलीपुर: 308
आनंद विहार: 346
बवाना: 331
बुराड़ी: 327
द्वारका: 328
जहांगीरपुरी: 354
मुंडका: 373
नरेला: 320
रोहिणी: 362