Anantnag: अनंतनाग में किडनैप किए गए जवान का शव मिला, शरीर पर गोलियों के निशान

अनंतनाग में किडनैप किए गए जवान का शव मिला
Terrorists Kidnapped Soldiers : श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग के जंगलों में आतंकियों ने प्रादेशिक सेना (Territorial Army) के दो जवानों का अपहरण कर लिया था। एक जवान किसी तरह आतंकियों के चंगुल से निकलने में सफल रहा, लेकिन दूसरा लापता था। सुरक्षा बल उसकी तलाश में जुटे थे। अब जानकारी सामने आई है कि, दूसरे जवान की हत्या कर दी गई है। जवान का शव जंगल से बरामद हुआ है। जवान के शव पर गोलियों के निशान हैं।
सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार 8 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव परिणाम आने थे। इसे देखते हुए संवेदनशील जगहों पर कड़ी सुरक्ष व्यवस्था की गई थी। इसी के तहत जवानों को अनंतनाग के कोकरनाग इलाके में स्थित शांगस के जंगल में तैनात थे। चुनाव परिणाम आते ही आतंकवादियों ने उन्हें अगवा कर लिया। आतंकियों के कब्जे से बचकर आए जवान ने सेना को वारदात की सूचना दी। इसी आधार पर पुलिस व पैरा-मिलिट्री ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।
यह घटना मंगलवार को घटी थी। देर रात तक जवानों ने तलाशी अभियान चलाया लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। इसके बाद जवानों ने बुधवार सुबह से फिर तलाशी अभियान तेज कर दिया। संयुक्त टीम अलग-अलग टुकड़ियों में बंटकर जवान की तलाश कर रही थी। जान बचाकर आए जवान को सुरक्षा बलों ने सुरक्षा में रखा है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जो जवान भागने में कामयाब हो गया है उसे आतंकियों द्वारा फिर निशाना बनाया जा सकता है। मारे गए जवान की पहचान हिलाल अहमद के रूप में हुई है।