Arjun Singh: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता अर्जुन सिंह के घर फेंके गए बम, गोलीबारी भी हुई, TMC पार्षद के बेटे पर आरोप

पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता अर्जुन सिंह के घर फेंके गए बम
West Bengal News : पश्चिम बंगाल। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता अर्जुन सिंह (BJP leader Arjun Singh) के घर बम फेंके गए। उनके घर के पास गोलीबारी भी हुई। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि, उनके घर के पास पत्थरबाजी भी हुई है। यह हमला तब हुआ है जब पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को सुरक्षा दी गई है। इस हमले में एक सीआईएसएफ जवान के घायल होने की जानकारी सामने आई है। गोलीबारी और हमले की घटना 24 परगना के जगदल में अर्जुन सिंह के आवास मजदूर भवन में हुई।
पूर्व सांसद और भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में आज सुबह करीब 8.30 बजे लोगों के एक समूह ने उनके कार्यालय-सह-निवास पर पत्थर फेंके, बम फेंके और कई गोलियां चलाईं।
अर्जुन सिंह ने कहा, "मेरे घर पर बम फेंके गए, गोलीबारी की गई और पथराव किया गया। जब मैं नीचे आया और लोगों ने भी उन्हें खदेड़ना शुरू किया, तब भी उन्होंने बम फेंके। जिस समय यह घटना हुई, उस समय वहां कम से कम 20 पुलिसकर्मी मौजूद थे।"
अर्जुन सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया कि, सुबह, जब हर कोई नवरात्रि की पूजा में व्यस्त था, एनआईए मामलों के आरोपी और स्थानीय तृणमूल पार्षद के बेटे और स्थानीय पुलिस की देखरेख में नमित सिंह के संरक्षण में कई जेहादियों और गुंडों ने मेरे कार्यालय-सह-निवास पर हमला किया। स्थानीय पुलिस ने मूकदर्शक की भूमिका निभाई क्योंकि गुंडे पुलिस के सामने खुलेआम हथियार लहरा रहे थे। इन गुंडों ने करीब 15 बम फेंके, एक दर्जन से ज्यादा राउंड गोलियां चलाईं। पश्चिम बंगाल पुलिस टीएमसी की पिट्ठू बन गई है। यह बेहद शर्मनाक!
अर्जुन सिंह ने इस पूरी घटना का एक वीडियो भी शेयर किया है। जिसमें एक मकान से धुंआ दिखाई दे रहा है और आस - पास के क्षेत्र में गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही है। इस तरह की घटनाएं पश्चिम बंगाल में चरमराती कानून व्यवस्था की ओर इशारा करतीं हैं।