Champai Soren Will Join BJP: चंपई सोरेन भाजपा में होंगे शामिल, असम सीएम ने किया ऐलान

पूर्व सीएम चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे
Champai Soren Will Join BJP : झारखंड। पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने कुछ दिन पूर्व पार्टी बनाने का ऐलान किया था। अब जानकारी सामने आई है कि, वे भाजपा में शामिल होंगे। सोमवार को चंपई सोरेन ने अमित शाह से मुलाकात की थी। उनके साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद थे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के एक प्रतिष्ठित आदिवासी नेता, चंपई सोरेन ने कुछ देर पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे।"
चंपई सोरेन ने जेएमएम का साथ क्यों छोड़ा :
चंपई सोरेन ने पिछले दिनों एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया था कि, जेएमएम में उनका अपमान हुआ है। उन्होंने खुलासा किया था कि, वे सीएम पद से इस्तीफा नहीं देना चाहते थे लेकिन उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। दरअसल, ईडी द्वारा हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद इंडिया गठबंधन ने चंपई सोरेन को सीएम चुना था। हेमंत सोरेन की रिहाई के बाद चंपई सोरेन को साइडलाइन कर दिया गया। इसके बाद से चंपई सोरेन जेएमएम से खफा चल रहे थे।
भाजपा को चंपई सोरेन से क्या फायदा :
यहां सवाल उठता है कि, भारतीय जनता पार्टी को चंपई सोरेन से क्या फायदा हो सकता। इसके लिए बता दें कि, चंपई सोरेन को झारखंड में कोल्हन टाइगर के नाम से जाना जाता है। वे जेएमएम के वरिष्ठ नेता थे। झारखंड राज्य की मांग के समय उन्होंने शिबू सोरेन के साथ खूब काम किया था। ऐसे में चंपई सोरेन में भाजपा में शामिल हो जाने से बीजेपी को एक बड़ा आदिवासी चेहरा (संथाल) मिलेगा। झारखंड में जल्द ही विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में चंपई सोरेन, भाजपा के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।