सरगुजा के एलुमिना प्लांट में हुई औद्योगिक दुर्घटना पर CM ने दिए जांच के आदेश, 4 मजदूरों ने गंवाई थी जान

सरगुजा के एलुमिना प्लांट में हुई औद्योगिक दुर्घटना पर CM ने दिए जांच के आदेश
Sarguja Aluminium Accident : छत्तीसगढ़। सरगुजा के एलुमिना प्लांट में हुई औद्योगिक दुर्घटना पर सीएम विष्णु देव साय ने जांच के आदेश दिए हैं। बीते दिनों इस प्लांट में हुई दुर्घटना के चलते 4 मजदूरों की जान चली गई थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि, इस हादसे के लिए दोषी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट किया कि, "सरगुजा के एलुमिना प्लांट में हुए औद्योगिक दुर्घटना में 4 मजदूरों की मृत्यु और कई मजदूरों के घायल की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
दरसअल, सरगुजा के सिलसिला गांव में संचालित एल्यूमिनियम रिफायनरी में एक हादसा हो गया था। इस रिफायनरी में बॉक्साइट से एल्यूमिनियम बनाया जाता था। एल्यूमिनियम रिफायनरी में कोयले से भरा हॉपर गिर गया था इसी के कारण यह हादसा हो गया। इस हादसे के कारण 4 मजदूरों की मौत हुई थी वहीं 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ये मजदूर मध्यप्रदेश और बिहार के रहने वाले थे।
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रबोध मिंज मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने एल्यूमिनियम रिफायनरी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। जब यह घटना घाटी तो कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं था। अब मुख्यमंत्री ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।