त्योहार मनाने हैं तो नियमों के अंतर्गत मनाओ नहीं तो घर में बैठ जाओ...कार्यसमिति बैठक के बाद बोले सीएम योगी, जानिए BJP अध्यक्ष नड्डा ने क्या कहा?

त्योहार मनाने हैं तो नियमों के अंतर्गत मनाओ नहीं तो घर में बैठ जाओ...कार्यसमिति बैठक के बाद बोले सीएम योगी, जानिए BJP अध्यक्ष नड्डा ने क्या कहा?
भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में हुई।

देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी बैठक में शामिल रहे।

इस मौके पर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विरोधी साजिश करने में सफल रहे। इन्हें हमने 2019 में नाकाम किया था। हमें सोशल मीडिया पर नजर रखनी होगी। हम अपनी उपलब्धियों को मुद्दा नहीं बना पाए। साथ ही बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको किसी भी स्थिति में बैकफुट में आने की जरूरत नहीं है। क्योंकि आप लोगों ने ये साबित किया है। वोटों की शिफ्टिंग और अति आत्मविश्वास की वजह से कहीं न कहीं चोट जरूर पहुंची है लेकिन आप लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014, 2017, 2019 और 2022 में सफलता हासिल करके दिखाया है।

नियम के दायरे में रहकर त्यौहार मनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा याद कीजिए वो दिन जब मुहर्रम के समय में सड़कें खाली हो जाया करती थीं। आज मुहर्रम आयोजित हो रहा है लेकिन इसका पता भी लोगों को नहीं लग रहा। वहीं, ताजिया के नाम पर घर तोड़े जाते थे, पिपल के पेड़ काटे जाते थे, सड़कों के तार हटाए जाते थे। आज कहा जाता है किसी गरीब की झोपड़ी नहीं हटेगी। आज सीधे कहा जाता है सरकार नियम बनाएगी, त्योहार मनाने हैं तो इन्हीं नियमों के अंतर्गत मनाओ नहीं तो घर में बैठ जाओ।"

समाजवादी पार्टी पर जमकर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा, "समाजवादी पार्टी की सरकार के समय कन्नौज के मेडिकल कॉलेज की चर्चा हुई। कन्नौज के मोडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के नाम पर था। समाजवादी पार्टी के तत्कालीन सीएम ने नाम बदल दिया। इन्होंने धर्म के आधार पर SC-ST को मिलने वाले आरक्षण पर रोक लगा दिया था। 2016 में SC जाति की स्कॉलरशिप को समाजवाजदी पार्टी की सरकार ने रोकने का काम किया था।"

जेपी नड्डा ने कही ये बात

वहीं, बैठक में शामिल होने आए केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैंने पहले भी कहा था, सारे चुनाव में भी मैंने कहा कि राम मंदिर हमारे लिए चुनाव का मुद्दा नहीं है राम मंदिर हमारे लिए करोड़ों लोगों की आस्था का मुद्दा है।

Tags

Next Story