कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मप्र में कुल 11,400 किमी की दूरी करेगी तय, 7 नेता करेंगे नेतृत्व

भोपाल / सिटी रिपोर्टर। मध्यप्रदेश चुनाव के मद्देनजर आज कांग्रेस ने निजी होटल में संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ। प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने सम्बोधित किया। शुरुआत में कांग्रेस ने एक शार्ट वीडियो भी जारी किया। मध्यप्रदेश के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा की 18 सालों की प्रदेश की बदहाली और बर्बादी का जनता में शिवराज राज के ख़िलाफ़ जो असंतोष था, वो अब “जन आक्रोश” में तब्दील हो गया है। समूचे मध्यप्रदेश में चारो ओर भयंकर अराजकता, अपराध, भय, भ्रष्टाचार और लूट की खुली छूट है। आदिवासी, किसान, दलित ,बेटियाँ, बच्चे, पिछड़े ,नौजवान सबकी जबान पर बस एक ही बात है, "शिवराज हटाओ प्रदेश बचाओ"। आज मध्यप्रदेश के कोने - कोने से कानों में जन आक्रोश का स्वर सुनाई दे रहा है। बस जनता की इसी आवाज़ को सुनकर हम 'जनाक्रोश यात्रा' का आगाज़ कर रहे हैं। जहाँ शिवराज राज के ख़िलाफ़ जनता में आक्रोश है तो दूसरी ओर कांग्रेस व कमलनाथ जी के प्रति जनता में जोश दिखाई दे रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा की भाजपा को अपने 15 साल के मुख्यमंत्री के नाम पर वोट मांगने पर शर्म क्यों आ रही है? 15 साल के इतिहास में भाजपा की पोल खुल चुकी है। 18 साल के मुख्यमंत्री के नाम पर तो आपको वोट मांगने चाहिए लेकिन आप शरमा रहे हैं। बाहर से नेता लाने की आवश्यकता भाजपा को क्यों पड़ी? भाजपा के चार नए चेहरे हैं बनावटी दिखावटी मिलावटी और सजावटी भाजपा। यह इनका चेहरा है। मेरा और कांग्रेस पार्टी दोनों का मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा विश्वास है। यह चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का है। मध्य प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। शिवराज सरकार में मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार का एक सिस्टम बन गया है। भाजपा जो गुमराह करने की ध्यान मोड़ने की दबाने डराने और छुपाने की राजनीति करती है, उससे जनता को सावधान करें और सही मुद्दों की तरफ जनता का ध्यान आकर्षित करें यही हमारी जन आक्रोश यात्रा का उद्देश्य है।
कांग्रेस का वचन
- 500 रु में गैस का सिलेंडर देंगे
- 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ़ कर देंगे, 200 यूनिट तक हाफ़ कर देंगे
- बेटियों को 1500 रु प्रति माह का इंसाफ देंगे
- किसानों को 5 हॉर्स पॉवर तक मोटर की बिजली मुफ़्त कर देंगे
- कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का उपहार देंगे
- पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देंगे
- प्रदेश को जातिगत जनगणना का न्याय देंगे
- किसानों का कर्ज माफ़ कर देंगे
कांग्रेस के 7 नेता यात्रा का करेंगे नेतृत्व
यात्रा मार्ग 1 - गोविंद सिंह - 1600 किमी
यात्रा मार्ग 2 - अरुण यादव - 1700 किमी
यात्रा मार्ग 3 - कमलेश्वर पटेल - 1900 किमी
यात्रा मार्ग 4 - अजय सिंह राहुल - 1400 किमी
यात्रा मार्ग 5 - सुरेश पचौरी - 1400 किमी
यात्रा मार्ग 6 - कांतिलाल भूरिया - 1700 किमी
यात्रा मार्ग 7 - जीतू पटवारी - `1700 किमी