ECI Haryana Election Result 2024: जलेबी वाली गोहना सीट पर कांग्रेस 10 हज़ार से ज़्यादा वोटों से हारी, राहुल गांधी ने किया था प्रचार

ECI Haryana Election Result 2024 : हरियाणा के गोहाना की मशहूर दुकान मातूराम हलवाई की जलेबी का स्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से लेकर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) तक सब चख चुके हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने राहुल गांधी को अपने हाथों ये जलेबी खिलाई थी। राहुल ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए भी जलेबियां पैक करके लेकर गए थे लेकिन यहीं की विधनसभा सीट गोहाना से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। हरियाणा में तस्वीर साफ़ हो चुकी है। यहाँ कांग्रेस को 37 सीट तो बीजेपी ने 48 सीट पर जीत दर्ज की है।
राहुल गांधी की जलेबी वाली गुहाना सीट का हाल
राहुल गांधी की जलेबी वाली गुहाना सीट पर कांग्रेस को करारी हार का सामना पड़ा है। यहां बीजेपी उम्मीदवार अरविन्द कुमार शर्मा ने 10 हजार 429 वोटों से जीत दर्ज की है। कांग्रेस उम्मीदवार जगबीर सिंह मलिक को 46626 तो वहीं बीजेपी उम्मीदवार अरविन्द को 57055 वोट मिले हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में कुल 8 रैलियां की थीं। जिन सीटों पर उन्होंने प्रचार किया, उनमें से 5 पर बीजेपी ने जीत हासिल की, जबकि 3 सीटों पर कांग्रेस जीती।
1. महेन्द्रगढ़– महेन्द्रगढ़ में राहुल गांधी का प्रचार कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित नहीं हुआ। यहां से कांग्रेस के राव दान सिंह को बीजेपी के कुंवर सिंह ने लगभग 2,600 वोटों के अंतर से हराया।
2. नूंह– नूंह में कांग्रेस के आफताब अहमद ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) के ताहिर हुसैन को करीब 47,000 वोटों से हराया। यहां राहुल का चुनाव प्रचार कांग्रेस के लिए सफल रहा।
3. सोनीपत– सोनीपत में प्रधानमंत्री मोदी ने भी प्रचार किया था, लेकिन यहां बीजेपी के निखिल मदान ने कांग्रेस के सुरेंद्र पंवार को लगभग 30,000 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।
4. गोहाना– जलेबी के लिए मशहूर गोहाना में भी बीजेपी ने कांग्रेस को हराया। यहां से बीजेपी के अरविंद कुमार शर्मा ने लगभग 10,000 वोटों के अंतर से कांग्रेस के जगबीर सिंह मलिक को हराया।
5. थानेसर – कुरुक्षेत्र जिले की थानेसर विधानसभा में राहुल का प्रचार कांग्रेस के लिए सकारात्मक रहा। यहां कांग्रेस के अशोक कुमार अरोरा ने बीजेपी के सुभाष सुधा को करीब 3,000 वोटों के अंतर से हराया।
6. नारायनगढ़ – नारायनगढ़ सीट पर राहुल गांधी के प्रचार का असर हुआ। यहां कांग्रेस की शैली चौधरी ने लगभग 15,000 वोटों के अंतर से बीजेपी के पवन सैनी को हराया।
7. बरवाला – हिसार जिले की बरवाला सीट पर राहुल का प्रचार प्रभावी नहीं रहा। यहां बीजेपी के रनबीर गांगवा ने लगभग 27,000 वोटों के अंतर से कांग्रेस के रामनिवास घोरेला को मात दी।
8. असांध – करनाल जिले की असांध सीट पर राहुल गांधी ने अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की थी, लेकिन यहां बीजेपी के योगिंदर सिंह राना ने जीत हासिल की।