कांग्रेस को बड़ा झटका: पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव TMC में शामिल

नईदिल्ली। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुष्मिता देव ने आज सोमवार को तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ले ली। इससे पहले देव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस से अपना इस्तीफा भेज दे दिया था और ट्विटर पर अपने प्रोफाइल में कांग्रेस सदस्य से पहले "पूर्व" लिख दिया था। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि वह दूसरी पार्टी में जा सकती हैं।
पूर्व सांसद सुष्मिता देव सोमवार सुबह ही कोलकाता पहुंच गई थीं। दोपहर को उन्होंने राज्य सचिवालय नवान्न में जाकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की थी। उसके बाद कमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के दफ्तर में पहुंचकर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ली। अभिषेक बनर्जी ने सुष्मिता देव को तृणमूल कांग्रेस का पटुका पहना कर पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर अभिषेक बनर्जी ने कहा कि सुष्मिता के आने से ममता बनर्जी पर बढ़ रहे भरोसा को साबित किया है। देश में जिस तरह से लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश हो रही है। उसका विकल्प सिर्फ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं और देश भर के लोकतंत्र प्रेमी उनका साथ दे रहे हैं।
इस मौके राज्यसभा में तृणमूल के नेता डेरेक ओ ब्रायन भी मौजूद थे। ब्रायन ने कहा कि सुष्मिता के तृणमूल में आने से पार्टी को मजबूती मिली है। इससे फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ाई में और मदद मिलेगी।सुष्मिता ने कहा कि पूरे देश की तरह असम में भी भाजपा की सरकार जन विरोधी नीतियां अपना रही है। जिस तरह से पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने भाजपा को करारी शिकस्त दी हैए वह उदाहरण है और असम में भी इसे दोहराया जाएगा। तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सुष्मिता असम में तृणमूल कांग्रेस का चेहरा बनेंगी।