दिग्विजय सिंह के गढ़ में भाजपा की फिर सेंधमारी

दिग्विजय सिंह के गढ़ में भाजपा की फिर सेंधमारी
X
जेपी नड्डा के सामने ली पार्टी की सदस्यता, बसपा नेत्री ऊषा चौधरी भी शामिल

- मोना सुस्तानी भाजपा में शामिल, प्रीतम की भी वापसी

भोपाल/वेब डेस्क। मध्य प्रदेश में आठ महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। इसी के तहत भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ राजगढ़ में बड़ी सेंध लगाई है। दिग्विजय सिंह की करीब कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती मोना सुस्तानी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने भाजपा की सदस्यता ली। वहीं ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में पार्टी से निष्कासित प्रीतम लोधी की फिर से भाजपा में वापसी हो गई है। इसके अलावा बसपा नेत्री एवं रैगांव से पूर्व विधायक श्रीमती ऊषा चौधरी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात तीनों नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से सौजन्य भेंटकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि मोना सुस्तानी के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की अटकले काफी समय से चल रही थी। मोना सुस्तानी को कांग्रेस पार्टी द्वारा 2019 के लोकसभा चुनाव के समय उम्मीदवार बनाया था। उनका सामना भाजपा के तत्कालीन सांसद रोडमल नागर से हुआ था। हालांकि इस चुनाव में मोना सुस्तानी को करारी हार का सामना करना पड़ा था व अब तक के इतिहास में सबसे अधिक 4 लाख 28 हजार से अधिक वोटों से हारी थी। इसके पहले वह कांग्रेस की कार्यकारी जिलाध्यक्ष रही है। वह दो बार जिला पंचायत सदस्य व एक बार जनपद सदस्य भी रही हैं। उनके पति ललित सुस्तानी राजगढ़ के जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके ससुर गुलाबसिंह सुस्तानी राजगढ से दो बार विधायक व दिग्विजयसिंह सरकार में एमपी एग्रो के चेयरमैन भी रह चुके हैं। भाजपा की सदस्यता लेने के बाद श्रीमती मोना सुस्तानी ने मध्य स्वदेश से चर्चा में कहा कि मैं 30 साल से लगातार पार्टी की सेवा कर रही हूं। अब मुझे लगता है कि जो स्तर है मेरा, उस क्षमता के अनुसार मैं कांग्रेस में कार्य नहीं कर पा रही। इसीलिए मुझे निर्णय लेना पड़ा। जनसेवा के लिए भारतीय जनता पार्टी में आई हूं। कांग्रेस में ऐसा नहीं हो पा रहा था। राजगढ़ में दिग्विजय सिंह के खिलाफ मोना बड़ा चेहरा होंगी? इसके जवाब में उन्होंने कहा- मैं खिलाफ नहीं हूं, बस जनसेवा करना है।

Tags

Next Story