हरदोई: 'देवतुल्य कार्यकर्ता जानते हैं लक्ष्य का संधान करना'

देवतुल्य कार्यकर्ता जानते हैं लक्ष्य का संधान करना
भाजपा का सदस्यता अभियान में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने दिया 'संगठन मंत्र'। प्रदेश महामंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिला प्रभारी शंकर लाल लोधी भी रहे मौजूद।

हरदोई। भारतीय जनता पार्टी के चल रहे सदस्यता अभियान के तहत शक्ति केंद्र सहयोगी बैठक श्रीशचंद्र गेस्ट हाउस में हुई। जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में हुई बैठक के मुख्य अतिथि संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री संजय राय, अवध क्षेत्र अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री और जिला प्रभारी शंकर लाल लोधी रहे।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शक्ति केंद्र सहयोगियों को सदस्यता अभियान के लक्ष्य के विषय में विस्तार से बताया। कहा, विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा पर चलते हुए भारत को परम वैभव दिलाने के लिए सतत प्रयासरत है। सभी पदाधिकारियों को पार्टी की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक सदस्य बनाने हैं। कार्यकर्ताओं को देवतुल्य बताते हुए कहा, भाजपा कार्यकर्ता निष्ठावान हैं, जिस संकल्प को धारण करते है, उसे पूरा करके ही दम लेता है। इसीलिए पार्टी विश्व की सर्वाधिक संख्या वाला दल बन पाया। सरकार की नीतियों को जन जन तक पहुंचने का काम कार्यकर्ताओं ने किया। परिणाम ये रहा कि भाजपा गठबंधन की केन्द्र में सरकार तीसरी बार बहुमत के साथ बनी।


प्रदेश महामंत्री और अवध क्षेत्र प्रभारी संजय राय ने बताया, पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार सदस्य बनाने हैं। कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने बताया, पार्टी ने पूर्व में सदस्यता अभियान के तहत कार्यशालाएं की हैं। पदाधिकारी और कार्यकर्ता जान चुके हैं कि धरातल पर मुस्तैदी से उतरने का समय है। सभी को लक्ष्य के तहत पार्टी के सदस्य बनाने हैं। जिला प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कहा, हरदोई के कार्यकर्ताओं ने सभी लक्ष्यों को पूरा किया है। इस बार सदस्यता अभियान रिकॉर्ड बनाएगा। जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने शक्ति केंद्र से आए कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और हर एक बूथ से हर घर को भाजपा से जोड़ने का संकल्प दिलाया।

जिला कार्यालय पर धर्मपाल सिंह ने जिला पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सदस्यता अभियान का जायजा लिया। बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आबकारी एवं मद्य निषेध नितिन अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, प्रभाष कुमार, आशीष सिंह आशु, रामपाल वर्मा, अलका अर्कवंशी, पूर्व जिला अध्यक्ष राम अवतार शुक्ला, राजीव रंजन मिश्रा, श्री कृष्ण शास्त्री, राम बहादुर सिंह, विद्याराम वर्मा, रामकिशोर गुप्ता गुड्डू, सदस्यता अभियान प्रभारी/जिला महामंत्री ओम वर्मा, अनुराग मिश्रा, सत्येन्द्र राजपूत सहित जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

Tags

Next Story