जयंत चौधरी जाएंगे राज्यसभा, सपा-रालोद ने घोषित किया संयुक्त उम्मीदवार

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी समाजवादी पार्टी एवं रालोद से राज्यसभा के संयुक्त प्रत्याशी होंगे। यह जानकारी रालोद के राष्ट्रीय संयोजक अनुपम मिश्रा ने दी है।
समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर भी एक ट्वीट किया है। इसमें कहा गया है कि जयंत चौधरी सपा और रालोद से राज्यसभा के संयुक्त प्रत्याशी होंगे। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने सपा के समर्थन के बाद अपना राज्यसभा नामांकन भरा था। उसके थोड़ी देर बाद ही जावेद अली ने भी नामांकन किया था।
सूत्रों से यह भी खबर आ रही है कि अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव आजमगढ़ से लोकसभा उपचुनाव की प्रत्याशी हो सकती हैं। हालांकि पार्टी और अखिलेश की ओर से इसको लेकर कोई बयान नहीं आया है। हाल में ही विधानसभा चुनाव में करहल सीट से जीत हासिल करने के बाद अखिलेश यादव ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही यह कयास लगाया जा रहा है कि डिंपल यादव यहां से लोकसभा उपचुनाव लड़ सकती हैं।