MP News: भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर मध्य प्रदेश की किसान न्याय यात्रा, 10 सितंबर से होगी शुरू

भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर मध्य प्रदेश की किसान न्याय यात्रा, 10 सितंबर से होगी शुरू

MP Congress Kisan Nyay Yatra 2024 : राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी, जिसका चुनावी परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में आया था। हालांकि कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई, लेकिन पार्टी की सीटों में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली। अब राहुल गांधी की यात्रा की तर्ज पर मध्य प्रदेश कांग्रेस भी 'किसान न्याय यात्रा' निकालने जा रही है। यह यात्रा मंगलवार 10 सितंबर से शुरू होगी।

एमपी के सभी जिलों में निकलेगी यात्रा

‘किसान न्याय यात्रा’ में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के साथ किसान नेता और संगठन के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। यह यात्रा मध्य प्रदेश के सभी जिलों में निकाली जाएगी, और इसका मुख्य उद्देश्य समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी की मांग करना है। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) की सरकार को हर जिले में घेरने की योजना बनाई है।

यात्रा का कार्यक्रम

  • 10 सितंबर यात्रा की शुरुआत मंदसौर जिले के गरोठ से होगी।
  • 13 सितंबर यात्रा टिमरनी से होशंगाबाद तक जाएगी।
  • 15 सितंबर यात्रा आगर मालवा में आयोजित होगी।
  • 22 सितंबर यात्रा इंदौर में समाप्त होगी।
  • इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में जिला कांग्रेस के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली जाएगी।

यात्रा के दौरान ये रहेगी मांग

कांग्रेस की 'किसान न्याय यात्रा' में गेंहू के लिए 2,700 रुपये प्रति क्विंटल, धान के लिए 3,100 रुपये और सोयाबीन के लिए 6,000 रुपये समर्थन मूल्य की मांग की जाएगी। यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए गए वादे को याद दिलाया जाएगा, जिसमें उन्होंने किसानों को 2,700 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन अब वह वादा पूरा नहीं किया गया है।

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने लगाया था आरोप

इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया था कि 5 सितंबर को कृषि मंत्रालय ने ट्वीट करके बताया कि प्राइज सपोर्ट स्कीम के तहत सोयाबीन का समर्थन मूल्य केवल कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में ही लागू होगा, जबकि मध्य प्रदेश को इससे बाहर रखा गया है। यह प्रदेश के साथ पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा कृषि मंत्री की ओर से सौतेला व्यवहार है।

Tags

Next Story