MP Crime News : परिवार के 8 लोगों की निर्मम हत्या कर युवक ने लगाई फांसी

Lucknow Double Murder
MP Crime News : छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश। एक युवक ने अपने परिवार के 8 लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद घर से कुछ दूर जाकर वह फांसी के फंदे से लटक गया। युवक की 21 मई को शादी हुई थी। यह घटना महुलझिर थाना क्षेत्र की है। एसपी मनीष खत्री ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मौकै पर पुलिस अधिकारी मौजूद हैं घटना की जांच कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। मंगलवार - बुधवार की दरमियानी रात को जब घर के सभी लोग सो रहे थे तब युवक उठा और कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी, मां, भाई, भाभी, बहन और भतीजा - भतीजी की हत्या कर दी। युवक का भतीजा 5 और भतीजी 4 व डेढ़ साल की थीं। कुल्हाड़ी से कटे शव देखने के बाद आस पास रह रहे लोग सदमें में हैं।
इस पूरी वारदात की जानकारी एक 10 साल के लड़के ने दी। वही इस पूरी वारदात का चश्मदीद गवाह है। यह लड़का युवक के ताऊ का लड़का है। युवक ने इस लड़के पर भी हमला किया था लेकिन वह बचकर निकल गया। चिल्लाते हुए बच्चा पड़ोसियों के घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस सूचना दी।
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि, तड़के 3 बजे उन्हें सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं। ग्रामीणों ने बताया कि, आरोपी युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। होशंगाबाद में उसका इलाज भी कराया गया था। आरोपी का शव पेड़ से लटका मिला है। फोरेंसिक टीम सभी सबूतों को इकठ्ठा कर रही है।