Neemuch News: नवजातों के जीवन से खिलवाड़, गलत इंजेक्शन से 6 बच्चे ICU में, 17 की बिगड़ी तबियत

नवजातों के जीवन से खिलवाड़, गलत इंजेक्शन से 6 बच्चे ICU में, 17 की बिगड़ी तबियत

Neemuch Hospital Newborn Antibiotic Injection : मध्य प्रदेश। नीमच की जिला अस्पताल में नवजात के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां अस्पताल में एक दिन पहले जन्मे 17 बच्चों की तबीयत एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ गई। बच्चों को बुखार, उल्टी और शरीर में फफोले आ गए। इसके बाद 6 बच्चों को आईसीयू में शिफ्ट किया गया। इस घटना के बाद शिशु वार्ड में हड़कंप मच गया। पुलिस और अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में शुक्रवार 27 सितंबर की रात को नर्सिंग स्टाफ ने शिशु वार्ड में भर्ती सभी 26 बच्चों को ठंड व कपकपी के लिए सेफ्ट्रिएक्सोन इंजेक्शन लगाया था। इसके थोड़ी देर बाद ही कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद एडीएम लक्ष्मी गामड़, एसडीएम ममता खेड़े, तहसीलदार संजय मालवीय, सिविल सर्जन महेंद्र पाटिल और टीआई पुष्पा चौहान पुलिस बल के साथ पहुंची। बताया जा रहा है कि सभी की स्थिति सामान्य है। पुलिस ने एंटीबायोटिक इंजेक्शन जब्त कर लिए हैं।

मौके पर पहुंची नीमच एसडीएम लक्ष्मी गामड़ ने बताया कि, ड्यूटी स्टाफ ने सेफ्ट्रिएक्सोन इंजेक्शन के 50 वायल का बॉक्स खोलकर बच्चों को इंजेक्शन लगाया। सभी बच्चे एक दिन पहले जन्मे हैं। ये एंटीबायोटिक इंजेक्शन सुबह-शाम दिया जाता है। आशंका है कि इंजेक्शन के नए बॉक्स में रखे वायल में गड़बड़ी हो सकती है। यह जांच के बाद ही कंफर्म हो पाएगा। इंजेक्शन के सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा है।

Tags

Next Story