जालंधर में गरजे प्रधानमंत्री, जानिए सिख दंगों, कांग्रेस, नशे को लेकर क्या कहा?

जालंधर में गरजे प्रधानमंत्री, जानिए सिख दंगों, कांग्रेस, नशे को लेकर क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने जालंधर में की जनसभा

जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार करने के लिए आज जालंधर पहुंचे। पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह व शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के प्रधान सुखदेव सिंह ढींडसा सहित अन्य नेता मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा एक समय ऐसा था कि अकाली दल के पास पूर्ण बहुमत नहीं था, भाजपा के समर्थन के बिना उनकी सरकार नहीं चल सकती थी। उस स्थिति में कुदरती न्याय तो ये कहता था कि डिप्टी सीएम भाजपा का बनना चाहिए था। लेकिन उस समय भी हमारे साथ अन्याय हुआ और बादल साहब ने अपने बेटे को ही उपमुख्यमंत्री बना दिया। हमारे पास ज्यादा एमएलए थे, सरकार गिराई जा सकती थी। लेकिन फिर भी पंजाब की भलाई के लिये, हमने वो पाप नहीं किया।क्योंकि हमारे दिल में सिर्फ और सिर्फ पंजाब का उज्ज्वल भविष्य है।

पंजाब और पंजाबियत से जुड़ी विचारधारा -

आज पंजाब के 23 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि का पैसा जा रहा है।किसानों से MSP पर फसल खरीद भी भाजपा सरकार ने दोगुनी से ज्यादा बढ़ाई है।हमने ये भी सुनिश्चित किया कि खरीद का पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में जाए।आज एक तरफ भाजपा और NDA है जिसकी विचारधारा पंजाब और पंजाबियत से जुड़ी है। हम गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व और गुरु तेगबहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को पूरे देश और पूरे विश्व में शान से मानते हैं। हमने बाबा साहेब आंबेडकर जी की 125वीं जयंती पूरे विश्व में मनाई थी।

सिख दंगों की जांच के लिए SIT -

हम गुरुगोबिन्द सिंह जी के वीर साहिबजादों की स्मृति में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस की घोषणा करते हैं। पूरा पंजाब गवाह है कि हमने 1984 के सिख दंगों की जांच के लिए SIT बनाई, उसके पीड़ितों की मदद की। लेकिन दंगे के आरोपियों को पार्टी में बड़े पद देकर कांग्रेस ने हमेशा आपके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है।पहली बार बीजेपी सबसे बड़े और भरोसेमंद विकल्प के रूप में आज पंजाब के सामने आई है। पंजाब एक बार बीजेपी को मौका देगा तो बीजेपी पंजाब का कल्याण करके देगी, ये मैं आपको भरोसा देता हूं।

काम-काज के भरोसे चुनाव -

भाजपा सरकार अपने काम-काज के भरोसे चुनाव लड़ती है। जिनके पास कामकाज का हिसाब नहीं हैं, कुछ ऐसे लोग भी पंजाब में झूठ का खेल खेलने आ गए हैं। ये पंजाब को नशा मुक्त करने की बात करते हैं। और ये लोग खुद गली, मोहल्ले में शराब के ठेके खुलवाने के एक्सपर्ट हैं।पंजाब की सेवा वही पार्टी कर सकती है जो दल से ऊपर देश की बात करती है।मैं पंजाब के लोगों को ये आश्वासन देना चाहता हूं, हम पंजाब के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। हम पंजाब के युवाओं के लिए, पंजाब की नशामुक्ति के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

पंजाब का भला कांग्रेस नहीं कर सकती -

कांग्रेस का कंट्रोल जिस परिवार के पास है, वो पंजाब से अपनी पुरानी दुश्मनी निकालता है।जब तक कांग्रेस उस परिवार के कब्जे में है, कभी भी पंजाब का भला कांग्रेस नहीं कर सकती है।आप कल्पना कीजिए आपके पास बंगला, खेत, गाड़ी, ख़ालिहान है, अच्छी खासी जिंदगी है सबकुछ है। लेकिन आपका जवान बेटा नशे की लत में डूब गया तो आपकी ये मिल्कियत किस काम आएगी। मेरी माताओं बहनों ने अपनी संतानों के लिए जो सपनें देखे हैं। उनको पूरा करने के लिए हमें एक माहौल बनाना जरूरी है।पंजाब का मुझ पर कर्ज है, मैं ये कर्ज चुकाना चाहता हूं।

मैं युवा पीढ़ी को बचाना चाहता हूं, माताओं बहनों मैं आपके दुख को समझता हूं इसलिए मैं आपकी संतानों को एक सुरक्षा का वातावरण देना चाहता हूं।आप मुझे आशीर्वाद दीजिए, पंजाब के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दीजिए, हमारी नई पीढ़ी के लिए आशीर्वाद दीजिए।

Tags

Next Story