भेद करेंगे तो कटेंगे इसलिए एकता जरूरी: "‘स्व’ का कार्य मिट्टी की सुगंध की तरह" - होसबाले

‘स्व’ का कार्य मिट्टी की सुगंध की तरह - होसबाले
संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक संपन्‍न

मथुरा, ब्यूरो। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि ‘स्व’ का कार्य मिट्टी की सुगंध का कार्य है। हमें अपनी परम्परा, सभ्यता, इसके अनुभवों के साथ आचरण करना है। आधुनिकता का पालन करना है, पर ‘स्व’ को नहीं भूलना है।

संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले शनिवार को यहां संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की दो दिवसीय बैठक के समापन पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। शाखा में आने वाले व हर समूह के कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होता है। हमने वर्तमान संदर्भ और संघ से जुड़े विविध आयामों के कार्य विस्तार पर भी चर्चा की। संघ ने इस वर्ष अपने 99 वर्ष पूर्ण करते हुए शताब्दी वर्ष में प्रवेश किया है। समाज में परिवर्तन कैसे होगा, इसकी चिंता स्वयं करनी है।

उन्होंने कहा कि संघ आगामी वर्ष में पंच परिवर्तन पर कार्य करेगा। इसके अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरण रक्षा, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी, कुटुम्ब प्रबोधन जैसे विषयों पर शाखा स्तर से लेकर घरों तक काम किया जाएगा।

उन्‍होंने बताया कि संघ कार्य की प्रथम इकाई शाखा है। कार्य विस्तार की दृष्टि से 45, 411 स्थानों पर 72,354 शाखाएं चल रही हैं। पिछले वर्ष की तुलना में 3626 स्थान और 6645 शाखाएं बढ़ी हैं। साप्ताहिक मिलन की संख्या 29369 रही, इसमें 3147 की वार्षिक वृद्धि हुई है। जहां शाखा नहीं लगती, वहां मासिक संघ मंडली काम करती है। इस वर्ष 11,382 स्थानों पर संघ मंडली हुई है, इसमें 750 स्थानों की वृद्धि हुई है। इस तरह कुल 1,13,105 ईकाइयों के रूप में वर्तमान में संघ कार्य का विस्तार है। अगले वर्ष प्रतिनिधि सभा की बैठक बेंगलूरू में आयोजित होगी।

भेद करेंगे तो कटेंगे इसलिए एकता जरूरी

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा है कि हिंदू समाज की एकता लोक कल्याण के लिए है। वह सबको सुख प्रदान करेगी। हिंदुओं को तोडऩे के लिए कई शक्तियां काम कर रही हैं। समाज में अगड़ा-पिछड़ा, जाति-भाषा में भेद करेंगे तो आजकल की भाषा में हम कटेंगे। इसलिए एकता जरूरी है।

पत्रकारों से बातचीत में संघ और भाजपा में खींचतान के सवाल उन्‍होंने कहा- हम सार्वजनिक संगठन हैं। हमारी किसी के साथ खींचतान नहीं। हम चाहते हैं कि समाज में नफरत न हो। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्‍होंने कहा कि वो मोहब्बत की दुकान खोलना चाहते हैं पर हमसे मिलना नही चाहते। हम तो सबसे मिलते हैं।

संघ सदैव समाज के उत्‍थान और भलाई के कार्य करता रहा है। केरल के वायनाड में भू-स्खलन हुआ 1000 स्वयंसेवक सेवा के लिए उतरे। हिंदू-मुस्लिम सबकी समान रूप से मदद की गई। मुस्लिम लोगों की मृत्यु हुई तो उनकी मान्यताओं के अनुसार स्वयंसेवकों ने उनका अंतिम संस्कार किया। इस वर्ष पश्चिम बंगाल में तारकेश्वरी नदी में आयी बाढ़ में 25 हजार परिवारों की स्वयंसेवकों ने राहत शिविरों में सेवा की। उड़ीसा बाढ़ के दौरान 4 हजार परिवारों को स्वास्थ्य और भोजन आदि सहायता पहुंचायी। जुलाई में वायनाड़ और कर्नाटक में भूस्खलन में एक-एक हजार स्वयंसेवक लगे और सहायता कार्य किए। बड़ोदरा, जामनगर, द्वारका बाढ़ में भी स्वयंसेवकों ने भोजन आदि की व्यवस्था की।

बांग्लादेश के हिन्दुओं को वहीं डटे रहना चाहिए

बांग्लादेश के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर श्री होसबाले ने कहा कि दुनिया में हिंदू समाज पर जब भी संकट आता है वह भारत की ओर देखता है। बांग्‍ला देश के हिंदू समाज को वहीं रहना चाहिए। पलायन नहीं करना चाहिए, डटे रहना चाहिए। वहां रहने वाले हिंदुओं की रक्षा होनी चाहिए। संघ के विचारों से जुड़े लोग बांग्लादेश में भी एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।

बच्चियों को बचाना हम सबका काम

श्री होसबाले ने कहा कि ‘लव जिहाद’ और ‘कनवर्जन’ पर संघ 25 साल से काम कर रहा है। हिंदुओं को जागरूक कर रहे हैं। हमारी बच्चियों को बचाना हम सबका काम है। केरल में करीब 200 युवतियों को बचाया। बच्चियां वापस आईं तो कई समस्याएं आईं। समाज उन्हें कैसे स्वीकार करेगा। शादी कैसे होंगी। इस पर वहां की एक संस्था ने मदद की। ओटीटी प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक सामग्री को लेकर नियमन कानून बनाने की जरूरत है। संघ के स्वयंसेवक बच्चों को इससे दूर रखने के लिए अभिभावकों को जागरूक करेंगे।

वक्फ कानून पर गुमराह किया गया

वक्फ सुधार कानून पर श्री होसबाले ने कहा कि साल 2013 तक इसमें कोई विशेष समस्या नहीं थी। संप्रग सरकार के समय में इसमें ऐसे कई संशोधन हुए जिनसे जटिलताएं पैदा हुईं। ऐसा विशेष साजिश के तहत किया गया। उसे अब ठीक करना ही पड़ेगा। जेपीसी जो भी निर्णय लेगी, आगे सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखकर कार्य करेगी।

श्रीकृष्‍ण जन्‍मभूमि पर समाज के साथ

श्री होसबाले ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि विषय का मामला न्यायालय में है। अयोध्या की तरह इस पर कुछ करने की जरूरत नहीं है, समाज तय करेगा। हम समाज के साथ हैं। पत्रकार वार्ता में संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर और प्रदीप जोशी के अलावा क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम सिंह, ब्रजप्रांत सह प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार भी उपस्थित थे।

Tags

Next Story