Sanjauli Mosque Dispute: संजौली मस्जिद विवाद को लेकर शिमला में स्थिति गंभीर, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

संजौली मस्जिद विवाद को लेकर शिमला में स्थिति गंभीर, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Sanjauli Mosque Dispute : हिमाचल प्रदेश। संजौली क्षेत्र में एक मस्जिद के कथित अवैध निर्माण की ओर जा रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। शिमला में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। जानकारी के अनुसार भीड़ विवादित मस्जिद की और बढ़ रही है। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन का भी उपयोग किया गया।

संजौली इलाके में मस्जिद के कथित अवैध निर्माण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "स्थिति बिल्कुल साफ है। सभी को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और सरकार ने भी यही कहा है लेकिन ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए जिससे वहां की शांतिपूर्ण स्थिति प्रभावित हो। इसलिए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। वहां धारा 163 लगा दी गई है और इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है, ताकि ऐसी कोई स्थिति न आए जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठें। जहां तक ​​उस अवैध ढांचे के निर्माण का सवाल है, मामला न्यायालय में विचाराधीन है, सरकार सुनवाई के बाद फैसला लेगी। हमने साफ तौर पर कहा है कि अगर यह अवैध पाया गया तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी और इसे गिराया जाएगा लेकिन यह ऐसा कदम है जो नगर आयुक्त का आदेश आने के बाद उठाया जाएगा, उससे पहले कार्रवाई करना सही नहीं होगा।"

संजौली मस्जिद पर विवाद क्यों :

दरअसल हिमाचल प्रदेश विधानसभा में ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने संजौली मस्जिद उठाया था। उन्होंने कहा था कि, संजौली के आस - पास महिलाओं का निकलना मुश्किल है। यहां महिलाओं पर अभद्र कमेंट होते हैं। इसके साक्षी हम खुद हैं। बाहर से लोग आकर यहां बस रहे हैं। इस बात की जांच होनी चाहिए। इसके अलावा मस्जिद का निर्माण भी अवैध है।

बता दें कि, संजौली मस्जिद का मामला इस समय कोर्ट में है। यहां एक मंजिल बनाने की अनुमति दी गई थी लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर अवैध निर्माण किया गया। यह मामला कोर्ट में विचारणीय है। वक्फ बोर्ड को इसमें पार्टी बनाया गया है। जब विधानसभा में यह मुद्दा उठाया गया तो मामले ने और तूल पकड़ लिया।

Tags

Next Story