Soybean MSP: फिर चर्चा में मध्यप्रदेश के मामा शिवराज सिंह चौहान, रात को आया प्रस्ताव सुबह दे दी मंजूरी

फिर चर्चा में मध्यप्रदेश के मामा शिवराज सिंह चौहान, रात को आया प्रस्ताव सुबह दे दी मंजूरी

मध्यप्रदेश। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर चर्चा में है। इस बार उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। जो प्रस्ताव उन्हें देर रात मिला था उसे उन्होंने सुबह होते ही मंजूरी दे दी। मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) को लोग 'मामा' भी कहते हैं। उनके इस कार्य के बाद एक बार फिर वे चर्चा में आ गए हैं।

दरअसल, मध्यप्रदेश में सोयाबीन की एमएसपी (Soybean MSP) खरीद को लेकर लम्बे समय से मांग की जा रही थी। इसे लेकर मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने मंगलवार रात केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव में किसानों की चिंता और केंद्र से मदद की मांग की गई थी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जब इस प्रस्ताव के बारे में पता चला तो उन्होंने तुरंत ही इसके लिए मंजूरी दे दी और जिम्मेदार अधिकारियों को आदेश के अनुपालन में उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

MSP पर सोयाबीन की खरीदी प्रस्ताव को स्वीकृति :

अपने निर्णय के बारे में बताते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि, "आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता कृषि एवं किसान कल्याण है। पिछले दिनों मध्यप्रदेश के किसान चिंतित थे कि सोयाबीन MSP के नीचे बिक रहा था। कल रात को ही मध्यप्रदेश सरकार का MSP पर सोयाबीन की खरीदी का प्रस्ताव हमारे पास आया है। उस प्रस्ताव को हमने स्वीकृति दे दी है। मध्यप्रदेश के किसान चिंता न करें। सोयाबीन की MSP की जो दरें हैं उस पर खरीदा जाएगा। किसान के पसीने की पूरी कीमत दी जाएगी।"

सीएम मोहन यादव ने कहा कि, "किसानों के कल्याण के लिए मध्य प्रदेश सरकार संकल्पित है। केंद्र सरकार ने सदैव किसानों की चिंता की है। इसी क्रम में सोयाबीन खरीदी के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 4,892 रुपए प्रति क्विंटल की प्रस्तावित MSP को कल (10 सितंबर) केंद्र सरकार की स्वीकृति के लिए भेजा गया था, जिसे तुरंत आज (11 सितंबर) स्वीकृति मिल गई है। किसानों के हित में लिए गए इस निर्णय हेतु प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री एवं वाणिज्य मंत्री का प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"

इस तरह अब सोयाबीन की खरीद 4892 रुपए प्रति क्विंटल पर होगी। मध्यप्रदेश कैबिनेट द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर केंद्र ने मुहर लगा दी है। बता दें कि, मध्यप्रदेश के किसान बीते कई दिनों से एमएसपी पर सोयाबीन खरीद और सोयाबीन पर 6 हजार प्रति क्विंटल का दाम मांग रहे हैं। इस मांग के समर्थन में कांग्रेस ने ट्रैक्टर रैली निकाले जाने की बात कही थी।

Tags

Next Story