UP Breaking News: यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के काफिले का हुआ एक्सीडेंट, अस्पताल में भर्ती मंत्री

Cabinet Minister Sanjay Nishad Accident : प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश। योगी कैबिनेट के मंत्री संजय निषाद के काफिले का बुधवार को प्रतापगढ़ एक्सीडेंट हो गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कैबिनेट मिनिस्टर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार मंत्री संजय निषाद की कार एस्कॉर्ट से टकरा गई। हादसे में उनके पैर के घुटने में चोटें आईं। जबकि उनके काफिले की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बताया जा रहा है कि डीएम और एसपी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं। मंत्री संजय निषाद का उपचार किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक के लिए जा रहे थे विकास भवन
दरअसल, मंत्री संजय निषाद बुधवार को प्रतापगढ़ के विकास भवन में समीक्षा बैठक के लिए जा रहे थे। इसके बाद उन्हें जिला पंचायत सभागार में मत्स्य पालकों की कार्यशाला को संबोधित करना था। वह रायबरेली सलोन थाना क्षेत्र के करहिया बाजार के पास पहुंचे थे। तभी एस्कॉर्ट के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया और मंत्री की कार उससे टकरा गई। इससे मंत्री के दोनों पैर का घुटना जख्मी हो गया। चोट को देखते हुए उन्हें रायबरेली एम्स के बजाय सीधे मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ लाया गया।
यहां जिलाधिकारी संजीव रंजन, चिकित्सकों की टीम के साथ पहले से मौजूद थे। यहां पहुंचते ही डॉ. मनोज खत्री और उनकी टीम ने कैबिनेट मंत्री का इलाज किया। मंत्री के घायल होने की सूचना पर उनकी पार्टी के तमाम कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे।