- Home
- /
- देश
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- भोपाल
दीपक जोशी को मनाने के लिए भाजपा संगठन सक्रिय

-चर्चा के लिए बुलाया भोपाल
भोपाल। मप्र के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक जोशी के पार्टी छोडऩे की घोषणा के साथ ही मप्र भाजपा संगठन उन्हें रोकने के लिए सक्रिय हो गया है। दीपक का कांग्रेस की सदस्यता लेने संबंधी बयान आने के बाद भाजपा नेताओं ने उनसे संपर्क भी साधा है। इसके बाद से दीपक जोशी बैकफुट पर दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उन्होंने कुछ नेताओं से मुलाकात और चर्चा के बाद अपना फोन बंद कर लिया है। भाजपा संगठन की पूरी कोशिश है कि जोशी को मना लिया जाएगा।
दीपक जोशी पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे हैं। कैलाश जोशी ने अपना पूरा जीवन भाजपा को समर्पित किया था। उन्हें राजनीति का संत कहा जाता था। ऐसे में चुनाव से पहले उनके बेटे दीपक जोशी का भाजपा छोडऩे की घोषणा से भाजपा आलाकमान भी संतुष्ट नहीं है। खबर तो यह भी है कि सोशल मीडिया में दीपक जोशी के भाजपा छोडऩे की घोषणा के बाद भाजपा हाईकमान ने भी दखल दिया है। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व सक्रिय हुआ। भाजपा सूत्रों के अनुसार सोमवार शाम को दीपक जोशी का कांग्रेस में जाने संबंधी बयान मीडिया में आ गया था। इसके बाद पार्टी ने उनसे संपर्क किया। वे संगठन से चर्चा के लिए तैयार हो गए । वे भोपाल आकर संगठन में अपनी बात रखेंगे। उनकी नाराजगी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इधर, दीपक जोशी को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि वे उनके साथ हैं। वे पार्टी के लिए समर्पित हैं, उन्हें कहीं नहीं जाने देंगे।