भोपाल: प्रदेश के 7 लाख कर्मचारियों को दीपावली का उपहार, हर महीने 620 रुपए से 5640 रुपए तक का लाभ होगा…

प्रदेश के 7 लाख कर्मचारियों को दीपावली का उपहार, हर महीने 620 रुपए से 5640 रुपए तक का लाभ होगा…
1 जनवरी 2024 से मिलेगा, 1450 करोड़ रुपये होंगे खर्च

भोपाल। प्रदेश सरकार ने दीपावली एवं मप्र स्थापना दिवस पर लगभग 7 लाख सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढ़ाकर उन्हें दीपावली का उपहार दे दिया है। इसी के साथ महंगाई भत्ता 46 से बढ़कर 50 फीसदी हो गया है, जो केंद्र के 53 फीसदी से 3 फीसदी कम है। यह आदेश 1 जनवरी 2024 से लागू होगा। नवंबर के वेतन में बढ़ा हुआ भत्ता जुड़कर आएगा। पिछले 10 महीने का एरियर मौजूदा वित्तीय वर्ष में चार किश्तों में मिलेगा।

महंगाई भत्ता बढ़ाने से सरकार के खजाने पर करीब 1450 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार सुबह महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की। वित्त विभाग ने देर शाम इसके आदेश जारी कर दिए हैं। महंगाई भत्ता बढ़ने से मप्र सरकार के अधिकारी एवं कर्मचारियों को हर महीने 620 रुपए से 5640 रुपए तक का लाभ होगा। 10 महीने के एरियर के रूप में 6200 से लेकर 56,400 रुपए तक मिलेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, राज्य सरकार ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का निर्णय लिया है। दीपावली के मौके पर इसकी बधाई डबल हो जाती है। 1 नवंबर मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस भी है। आप सब अपनी लगन, मेहनत, सकारात्मक सोच के साथ पूरे देश के अधिकारियों-कर्मचारियों में विशेष पहचान रखते हैं। इस नाते सरकार का भी उत्तरदायित्व है कि आपके हितों का ध्यान रखें।

अक्टूबर का वेतन जल्द मिलने से नहीं जुड़ा भत्ता

दीपावली के चलते सरकार ने शासकीय सेवकों को अक्टूबर महीने का वेतन दीपावली से पहले 28 अक्टूबर को देने के आदेश दिए थे। इसके बाद कर्मचारियों का वेतन जारी हो गया। इसी वजह से बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नहीं मिल पाया। अब नवंबर के वेतन में 50 फीसदी महंगाई भत्ता जुड़कर आएगा।

पेंशनरों का भी बढ़ेगा महंगाई भत्ता

राज्य शासन ने फिलहाल नियमित कर्मचारियों का 4 फीसदी डीए बढ़ाने का निर्णय किया है। जल्द ही पेंशनरों का भी डीए बढ़ेगा। फिलहाल पेंशनरों को 46 फीसदी डीए मिल रहा है। इससे वे नाराज हैं, क्योंकि पिछली महंगाई राहत का भी उन्हें पूरा लाभ नहीं मिला है।

Tags

Next Story