अन्नदाता के सम्मान में सड़क पर आई सरकार: मंत्रालय घेरने जुटे थे 16 जिलों के किसान, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने समाप्त कराया प्रदर्शन…

मंत्रालय घेरने जुटे थे 16 जिलों के किसान, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने समाप्त कराया प्रदर्शन…
X
भारतीय किसान संघ ने सौंपा आवेदनों से भरा झोला

भोपाल। अपने अधिकारों के लिये जब किसानों ने उग्र रुख दिखाया तो अन्नदाता के सम्मान में सरकार सड़क पर आ गई। अन्नदाता अधिकार रैली व वल्लभ भवन घेराव के लिये बुधवार को 16 जिलों के हजारों किसान राजधानी में जुटे थे।

घेराव के लिये इनके रवाना होने से पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सभास्थल पर पहुंच गए और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया। भारतीय किसान संघ मध्य भारत प्रांत द्वारा संघ के लिंक रोड नंबर एक स्थित कार्यालय के सामने आयोजित प्रदर्शन में आस-पास के जिलों से हजारों किसान जुटे थे। अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान का कहना था कि राजस्व विभाग के फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, बटांकन, नक्शा सुधार जैसे कार्यों में की जा रही लूट से प्रदेश का किसान परेशान हो गया है।

पटवारी से एक चिड़िया बनवाना हो तो रिश्वत देना पड़ता है। सरकार फसलों के अच्छे रेट के नाम पर हर बार झुनझुना पकड़ा देती है। संज्ञान में लाये जाने के बाद भी सरकार इससे अनजान बन रही। जिससे किसान मंत्रालय घेरने के लिये मजबूर हुआ है।

किसानों के साथ खड़ी है सरकार: देवड़ा

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने यहां कहा कि मुझे पता लगा कि किसान वल्लभ भवन आ रहे हैं तो सरकार खुद उनके पास आ गई। इस दौरान सारी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि, जो भी शिकायती ज्ञापन मिले हैं, उनका जल्द समाधान किया जाएगा। किसान हमारे हैं, हम आपसे अलग नहीं हैं। इसके बाद किसानों ने शिकायती आवेदनों से भरा झोला डिप्टी सीएम को सौंप दिया।

Tags

Next Story