- Home
- /
- देश
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- भोपाल
International Yoga Day : 21 जून को जबलपुर में होगा आयोजन, बनेगा विश्व रिकॉर्ड

भोपाल/वेबडेस्क। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्तर का मुख्य आयोजन 21 जून को जबलपुर में होगा। वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग की थीम पर होने वाला राष्ट्रीय स्तर का यह कार्यक्रम पूर्ण गरिमा के साथ हो और अधिकाधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को कार्यक्रम के लिए जारी तैयारियों की निवास कार्यालय समत्व से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आयुष राज्य मंत्री रामकिशोर नानो कांवरे, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरूण शमी, प्रमुख सचिव आयुष सोनाली वायंगणकर और अधिकारी उपस्थित थे।
बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम जबलपुर के गैरिसन ग्राउण्ड में प्रात: 6 बजे से आरंभ होगा। कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल की सहभागिता प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान, केन्द्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के सभी पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थल, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायतों में भी योग कार्यक्रम होंगे। बैठक में कार्यक्रम के लिए जारी तैयारियों की जानकारी भी दी गई।