- Home
- /
- देश
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- भोपाल
लोक समता पार्टी का भाजपा में विलय

भोपाल, विशेष संवाददाता। सामाजिक न्याय, गरीबों और पिछड़ों की भलाई भारतीय जनता पार्टी के लक्ष्य रहे हैं और यही लक्ष्य लोक समता पार्टी के भी रहे हैं। जब दोनों के लक्ष्य समान हैं, तो फिर रास्ते क्यों अलग होना चाहिए, मैं भारतीय जनता पार्टी में आप सभी का स्वागत करता हूं और आपको विश्वास दिलाता हूं कि आप सभी का मान, सम्मान, स्थान और शान कभी कम नहीं होंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर लोक समता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करते हुए कही। अध्यक्ष डॉ. राजकुमार कुशवाहा के नेतृत्व में लोक समता पार्टी का भारतीय जनता पार्टी में विलय हुआ। सदस्यता ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री भारत सिंह कुशवाहा भी उपस्थित रहे।
गरीबों, पिछड़ों के लिए काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सदस्यताग्रहण समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं गरीबों, पिछड़ों का दर्द जानता हूं और इसीलिए सरकार बनते ही सबसे पहले इसी वर्ग की चिंता की। उन्होंने कहा कि सरकार धन्ना सेठों की नहीं है, बल्कि गरीबों और पिछड़ों की ही है। इसलिए हमने फसलों को हुए नुकसान की राहत राशि देनेए फसल बीमा का पैसा देने, सस्ता अनाज देने की व्यवस्था की। हमने गरीबों और पिछड़ों के लिए बनाई गई संबल योजना को हमने दोबारा शुरू किया। श्री चौहान ने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इस वर्ग के कल्याण के लिए कोई कसर नहीं छोडूंगा। श्री चौहान ने कहा कि हमारे लिए जनता ही भगवान है और उसकी सेवा ही पूजा है। आने वाले समय में हम सब मिलकर जनता की सेवा करेंगे तथा विकास और कल्याण के लिए काम करेंगे।
नीतियों से प्रभावित होकर किया विलय
समारोह में संबोधित करते हुए लोक समता पार्टी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार कुशवाहा ने कहा कि हम अपने लक्ष्यों को लेकर पूरी मजबूती से चले, लेकिन उनकी प्राप्ति में बहुत समय लग रहा था। ऐसे में हमें भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीतियों ने प्रभावित किया और उन्हीं से प्रभावित होकर पार्टी ने विलय का निर्णय लिया है। डॉ. कुशवाहा ने कहा कि मैं सभी कार्यकर्ताओं की ओर से यह विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले समय में हम इन्हीं नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों को जनता के बीच प्रचारित-प्रसारित करने का काम करेंगे। इस अवसर पर लोक समता पार्टी के मुन्नालाल बघेल, सुरेश कुशवाह, नारायण सिंह भदौरिया, अतुल शास्त्री, लल्जा राम सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।