गैगेंस्टर विकास दुबे के ग्वालियर आने की अटकलों के बीच जिले की नाकाबंदी

ग्वालियर, न.सं.। उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने के बाद फरार कुख्यात बदमाश विकास दुबे की शहर में रुकने की आहट के बाद स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई और बदमाश की घेराबंदी के लिए नाकाबंदी की है। बदमाश की तलाश में उत्तरप्रदेश अपराध शाखा और एसटीएफ लगातार दबिश दे रही है।
कानपुर चौबेपुर के ग्राम बिकरू में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करके भागे कुख्यात बदमाश विकास दुबे की तलाश में अपराध शाखा और एसटीएफ की टीमें लगी हुई हैं। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद हरियाणा के बडख़ल में विकास दुबे एक होटल में रुकने के लिए आया था। फरीदाबाद जाने से पहले विकास के दो दिन ग्वालियर में रुकने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। फरीदाबाद में पकड़े गए उसके गुर्गों ने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं। ग्वालियर में विकास के रुकने की खबर के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन अलर्ट है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक राजबाबू सिंह से कानपुर एडीजीपी जयनारायण सिंह ने दूरभाष पर बात करके विकास दुबे के शहर में छिपे होने की शंका जहारि की थी। ग्वालियर में बदमाश के रुकने की अटकलों के बाद जिले में नाकाबंदी कर दी गई है और बाहर से आने जाने वाले लोगों की चैकिंग की जा रही है। विकास औरैया के रास्ते ही भागा था। औरैया से चम्बल की सीमा भी करीब हैं, ऐसे में भिंड और मुरैना में भी पुलिस अलर्ट पर है। विकास संभवत: औरेया से भागने के बाद ग्वालियर आया होगा और यहां रुकने के बाद फरीदाबाद निकल गया होगा। अपराध शाखा शहर के उन बदमाशों पर नजर रखे हुए हैं जिनके तार उत्तरप्रदेश के बदमाशों से जुड़े हैं। शहर में ऐसे बदमाश हैं जो उत्तरप्रदेश के अलावा हरियाणा में भी वारदातें कर चुके हैं। पुलिस भी लगातार बदमाशों पर नजर रखे हुए है।
इनका कहना है
ग्वालियर में विकास दुबे के रुकने की कोई जानकारी नहीं है। हमारी पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है और चम्बल क्षेत्र में सादा कपड़ों में पुलिस कर्मियों से पेट्रोलिंग कराई गई थी। उत्तरप्रदेश पुलिस ने विकास के ग्वालियर में रुकने की कोई जानकारी हमसे साझा नहीं की है। जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। वाहनों की जांच की जा रही है।
-राजाबाबू सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन