मुख्यमंत्री चौहान ने ग्वालियर क्षेत्र का किया दौरा, बाढ़ पीड़ितों के लिए की बड़ी घोषणाएं

ग्वालियर। ग्वालियर - चंबल संभाग में बीते तीन-चार दिनों से हुई तेज बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए है। नदी-नालों में उफान आने से कई गांव में पानी भर गया, जिसके कारण हजारों लोग बेघर हो गए।मुख्यमंत्री चौहान ने आज ग्वालियर ज़िले के ग्राम चांदपुर में बाढ़ प्रभावितों से भेंटकर उनकी समस्याएं सुनी और आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उनके साथ है। उन्हें किसी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सरकार उनका पूरा ध्यान रखेगी।
उन्होंने कहा की आप लोगों के बर्तन-भाड़े, कपड़े-लत्ते से लेकर जो अनाज सड़ गया, उस तक सरकार हर चीज के लिए काम करेगी। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर राहत राशि दी जाएगी। भोजन के लिए हर परिवार को आधा-आधा क्विंटल राशन तत्काल दिया जाएगा। उन्होंने कहा की यदि फसल नष्ट हुई है तो उसके भी नुकसान का आंकलन करके उचित राहत राशि अलग से दी जाएगी।
मकान बनवाएं जाएंगे -
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जिनके घर टूट गए हैं, घर बह गए हैं, घर गिर गए हैं, उनके मकान नए बनवाए जाएंगे।मकान एकदम नहीं बन सकते लेकिन जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान के लिए राशि दी जाती है, वैसे मकान बनवाने के लिए आपको राशि दी जाएगी। वहीँ कुआं, नलकूप और बाकी कोई चीज नष्ट हुई है तो उसके लिए 25 हजार दिए जाएंगे। अगर मवेशी बह गए हैं तो गाय,भैंस, बैल पर 30 हजार प्रति मवेशी दिए जाएंगे और अगर गाय-भैंस के साथ छोटे बछड़े-बछड़ी भी बहे हैं तो उसके भी 10 हजार प्रति मवेशी दिए जाएंगे।
सरकार को आपकी चिंता -
सीएम ने कहा हमारी सरकार आपके हर एक नुकसान की पूरी चिंता करेगी। हम आपको किसी तकलीफ या परेशानी में नहीं रहने देंगे। मैं यही कहने आपके बीच आया था। हमारे मंत्री और बाकी सारे नेता भी चिंता करेंगे।