कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का कोरोना से निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

भोपाल। प्रदेश में उपचुनावों से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का आज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। कांग्रेस विधायक की मौत से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। मप्र के कई नेताओं ने दुःख जताया है।
बताया जा रहा है कि वे लम्बे समय से बीमार थे और उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां मंगलवार तडक़े उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है कि -' मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री दांगी के निधन का समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करते हैं।'
मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री गोवर्धन सिंह दांगी जी के निधन का समाचार मिला।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) September 15, 2020
ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। श्रद्धांजलि!