रियल स्टेट कारोबार पर आचार संहिता का असर, रजिस्ट्रियों में आई भारी गिरावट

ग्वालियर। नवरात्रि के नौ दिन शुभ माने जाते हैं। इन दिनों लोग घर, प्लॉट, फ्लैट आदि खरीदते हैं। इसी के चलते रियल स्टेट कारोबारियों को नवरात्रि में संपत्तियों के बंपर रजिस्ट्री की उम्मीद थी, लेकिन उम्मीद के अनुसार भीड़ नहीं दिखाई दे रही है, क्योंकि आचार संहिता लगने के बाद रजिस्ट्रियों की संख्या में रिकॉर्ड कमी आई है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष की बात करें तो रजिस्ट्रियों की संख्या में बहुत कमी आई है।
दरअसल पितृ पक्ष के बाद रियल स्टेट कारोबारी नवरात्रि के शुभ दिनों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन आचार संहित लागू होने से रियल स्टेट के कारोबार में भारी कमी आई है, क्योंकि 15 अक्टूबर से शुरू हुई नवरात्रि में अभी तक जिला पंजीयक कार्यालय में महज 6 हजार 301 संपत्तियों का पंजीयन हुआ है। जिससे पंजीयन विभाग को 6 करोड़ 55 लाख का राजस्व मिला है। जबकि वर्ष 2022 में नवरात्रि के दिनों में 15 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2022 तक की बात करें तो करीब 13 हजार से अधिक संपत्तियों का पंजीयन हुआ था, जिससे पंजीयन विभाग को 14 करोड़ 40 लाख तक का राजस्व मिला था। वहीं अधिकारी कम पंजीयन के पीछे आचार संहिता को मानकर चल रहे हैं, क्योंकि चुनाव आचार संहिता लगी होने की वजह से 50 हजार से ऊपर नगदी लेकर नहीं चल पा रहे हैं। 50 हजार से अधिक की नगदी ले जाने पर पकड़े जाने पर हिसाब देना होगा, क्योंकि संपत्ति की खरीद व बिक्री में लाखों रुपए का लेनदेन होता है।
तगड़ी सुरक्षा भी बनी परेशानी
चुनाव के चलते इन दिनों जिले भर में वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा बैंक में भी बड़े लेन-देन पर नजर रखी जा रही है। यही कारण है कि लोग सम्पत्ति क्रय करने या बेचने के लिए कम ही पहुंच रहे हैं।
स्लॉट भी नहीं हो रहे पूरे बुक
शहर में कुल दो वृत्त हैं। इसमें वृत्त-1 में कुल 120 स्लॉट एवं वृत्त-2 में 180 स्टॉल खोले जा रहे हैं, लेकिन स्थिति यह है कि 200 से अधिक स्टॉल बुक ही नहीं हो रहे हैं। इस कारण स्लॉट का अतिरिक्त कोटा नहीं दिया गया।
दीपावली पर भी रहेगा असर
नवरात्रि के बाद दीपवाली भी आचार संहिता के दौरान ही मनाए जानी है। इस कारण संपत्ति का कारोबार ठंडा रह सकता है। पंजीयक कार्यालय से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि ग्वालियर में अधिकांश लोग नकद में ही जमीन क्रय व विक्रय करते हैं। यही कारण है कि आचार संहित में रियल स्टेट कारोबार धीमा पड़ा हुआ है।
यह दस्तावेज रखना होंगे साथ
चुनाव आचार संहिता के चलते 50 हजार रुपए की नकदी साथ ले जाने तक की छूट है। 50 हजार से ऊपर की नकदी ले जाने पर दस्तावेज रखने होंगे। संपत्ति की रजिस्ट्री होने के बाद एक कॉपी अपने पास रखें। विक्रय के बाद रजिस्ट्री की कॉपी अपने साथ में रखें। संपत्ति के दस्तावेज को मान्य किया जाएगा।
