ग्वालियर में भगवान बलराम, श्रीकृष्ण और बहन सुभद्रा बैठकर निकले रथ में

ग्वालियर में भगवान बलराम, श्रीकृष्ण और बहन सुभद्रा बैठकर निकले रथ में
जगन्नाथ यात्रा के लिए भगवान इन्द्र ने भी की वर्षा

ग्वालियर। रविवार के दिन शहर का रंग भक्तिमय हो उठा। देवशयनी एकादशी के दिन भगवान बलराम, श्रीकृष्ण और बहन सुभद्रा रथ में बैठकर शहर की सड़कों पर निकले। भक्तों ने इस रथ को अपने हाथों से खींचा। इस दौरान संपूर्ण शहर हरे कृष्ण-हरे कृष्ण, हरे राम-हरे राम शब्द के उच्चारण से गूंज उठा।

रथ यात्रा में विराजमान भगवान जगन्नाथ के विग्रह का पूजन केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर, भाजपा महानगर अध्यक्ष कमल माखीजानी, आयोजन समिति के संयोजक देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर और सुमन शर्मा ने किया। केन्द्रीय मंत्री तोमर ने इस मौके पर भगवान जगन्नाथ रथ के आगे झाडू लगाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। भगवान जगन्नाथ की यह रथ यात्रा अंतरराष्ट्रीय कृष्णाभावनामृत (इस्कॉन) के तत्वावधान में निकाली गई।

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा रविवार को दोपहर 2 बजे के बाद चेम्बर भवन से निकाली गई। रथ यात्रा से पूर्व सुमधुर कीर्तन हुआ और भगवान जगन्नाथ के विग्रह की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। इसके बाद भगवान जगन्नाथ के रथ को भक्तों द्वारा अपने-अपने हाथों से खींचा गया। भगवान जगन्नाथ की इस रथयात्रा का नगर में जगह-जगह अपार जनसमूह ने श्रद्धापूर्वक भव्य स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की जिससे शहर की सड़के पुष्पों से पट गईं। इस दौरान जगह-जगह प्रसाद वितरण भी होता रहा। यह रथयात्रा चेम्बर भवन से प्रारंभ होकर इंदरगंज, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, महाराज बाडा, सराफा बाजार, नई सड़क, हनुमान चौराहा, जनकगंज होते हुए छत्री मंडी पहुंची। यहां पर रथ यात्रा का समापन हुआ और प्रसाद वितरण किया गया।भगवान इन्द्र ने भी भगवान जगन्नाथ का स्वागत कर वर्षा की जिससे लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।

सामाजिक संस्थाओं और आमजन ने की पुष्पवर्षा: शहर में रथ यात्रा जिन-जिन स्थानों से निकली वहां शहर की सामाजिक संस्थाओं और आम जन ने खूब स्वागत किया। इसी क्रम में महाराज बाड़े पर लोकतंत्र सेनानी संघ ने रथयात्रा का भावपूर्ण स्वागत करते हुए शंख ध्वनि से शंखनाद किया।

Tags

Next Story