ग्वालियर में वृद्धा से निमंत्रण के बहाने लूटपाट, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

ग्वालियर में वृद्धा से निमंत्रण के बहाने लूटपाट, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
X

ग्वालियर। वृद्धा को निमंत्रण के बहाने होटल ले जाकर उनके साथ मारपीट और लूटपाट करने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने सोनेे के गहने बरामद कर लिए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 फरवरी को मीरा नगर मुरार की रहने वाली मुन्नीदेवी कटारे के साथ लूटपाट करने वाले विनोद तिवारी को शिंदे की छावनी से दबोच लिया। पुलिस घटना के बाद से क्षेत्र में सीसीटीव्ही खंगाल रही थी तभी एक स्कूटी क्रमांक एमपी 07 एसबी 7617 पर बदमाश संदिग्ध हालत में घूमते हुए दिखाई दिया। जैसे ही पुलिस को स्कूटी के नम्बर का पता चला उसके मालिक का पता करते हुए घर तक पहुंच गई। लेकिन संदेही घर से लापता मिला। विनोद तिवारी निवासी गणेशपुरा मुरैना हाल मीरा नगर की पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुट गई और रात को विनोद के बारे में पता चला कि वह अभी बामौर ननिहाल में है। पुलिस वहां पर पहुंची लेकिन ननिहाल से जानकारी मिली कि वह अभी हाल ही ग्वालियर निकला है। देर रात पुलिस ने शिंदे की छावनी से विनोद को दबोच लिया। विनोद वृद्धा मुन्नीदेवी कटारे को जन्मदिन में निमंत्रण के बहाने होटल लेकर सिरोल आया था। यहां एक अपार्टमेंट में वृद्धा को ले जाकर विनोद ने उनके साथ मारपीट कर सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। बदमाश का शिकर बनी वृद्धा किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। विनोद शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ बामौर थाने में हत्या का प्रयास, डकैती मारपीट सहित पांच अन्य प्रकरण पंजीबद्ध हैं। पुलिस उससे अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है।

लूटपाट की चेन स्वयं पहनी

सिरोल थाना प्रभारी आलोक सिंह भदौरिया ने बताया कि विनोद तिवारी ने वृद्धा से लूटपाट करने के बाद चेन को अपने गले में डाल लिया था और उसे पहनकर ही घूम रहा था। पुलिस उस समय हैरान रह गई जब उससे चेन के बारे में पूछा और उसने बताया कि वह पहने हुए है। जबकि अंगूठी उसके पास रखी हुई थी।

Tags

Next Story