ग्वालियर महापौर गुरूवार को करेगी लोकमंत्रणा, लोगों की सुनेंगी समस्याएं

ग्वालियर। महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार द्वारा आमजनों की समस्याओं से रूबरू होकर उनका निराकरण समयसीमा में करने के उद्देश्य से माह के प्रथम एवं तीसरे गुरूवार को दोपहर 12.00 बजे से 2.00 बजे तक निगम मुख्यालय पर महापौर लोकमंत्रणा करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत महापौर निगम के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकर आमजनों की समस्याएं सुनेंगे और उसका मौके पर निराकरण भी कराएंगे। जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव नहीं होगा उसके लिए एक निश्चित समयसीमा निर्धारित कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत आमजन महापौर को शहर विकास के लिए अपने आवश्यक सुझाव भी दे सकेंगे।
सिटीसेन्टर स्थित निगम मुख्यालय के सभागार में महापौर लोकमंत्रणा का शुभारंभ 1 दिसम्बर गुरुवार को दोपहर 12.00 बजे से किया जाएगा। महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने बताया कि शहर के निवासियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम एवं भ्रमण के दौरान अपनी-अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जाता है, जिनका निराकरण कार्यक्रमों एवं भ्रमण के दौरान करना संभव नहीं हो पाता है। इसी उद्देश्य से महापौर लोकमंत्रणा कार्यक्रम गुरूवार को प्रारंभ किया जा रहा है इससे जहां लोगों की समस्याओं का निराकरण होगा वहीं आमजनों की अपनी समस्याओं को बताने का एक मंच भी उपलब्ध होगा।
