भगवान भोलेनाथ आज 21 क्विंटल फूलों और चन्दन से खेलेंगे होली

रंगपंचमी पर होगा भव्य आयोजन
ग्वालियर/न.सं.। भगवान भोलेनाथ सोमवार को सुबह 11 बजे रंगपंचमी के दिन 12 ज्योर्तिंग अंकित स्वर्ण श्रीविगृह के साथ पालकी में सवार होकर मन्दिर से होली खेलने शहर में निकलेंगे। इस होली में 21 क्विंटल फूलों और चंदन का उपयोग किया जाएगा। बाबा अचलनाथ की सवारी शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई राम मन्दिर फालका बाजार पर पहुंचेगी। भगवान भोलेनाथ की सवारी गिर्राज मंदिर पर भगवान श्रीकृष्ण और सनातन धर्म मंदिर में होली खेलने के बाद वापस मन्दिर पर पहुंचेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मन्दिर प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि बच्चों की परीक्षा होने के कारण बाबा अचलनाथ की यात्रा में डी.जे. आदि का उपयोग नहीं किया जाएगा। भगवान भोलेनाथ की सवारी घोड़ा चौक, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, पाटणकर बाजार, दौलतगंज, बाड़ा, सराफा होते हुए श्रीराम मन्दिर पहुंचेगी। अचलनाथ की इस यात्रा में बैण्ड बाजे, ढोल-ताशे आदि होंगे। सवारी वापस मंदिर परिसर पर समाप्त होगी। इस दौरान शहर के लोग भी होली खेलेंगे।