आज होगा शुक्र का मेष राशि में गोचर, बनेगी राहु शुक्र की युति

ग्वालियर। शुक्र ग्रह अपनी उच्च राशि मीन की यात्रा समाप्त करके 23 मई सोमवार की रात्रि 8.26 बजे मेष राशि में प्रवेश कर रहे हैं। ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया कि शुक्र मेष राशि में पहले से विद्यमान राहु के साथ युति बनाएंगे। यह युति 18 जून की सुबह 8.15 बजे तक रहेगी। उसके बाद शुक्र अपनी स्वयं की राशि वृषभ में चले जाएंगे। इनके राशि परिवर्तन से राहु से युति बनने के कारण शुक्र ग्रह पीडि़त हो जाएंगे जिससे लोगों में विलासिता बढ़ेगी।
मिथुन, कर्क व मीन राशि वालों की चमकेगी किस्मत:-
ज्योतिषाचार्य ने बताया कि मिथुन राशि के जातकों की आय में काफी बढ़ोत्तरी होगी। कर्क वालों को शुक्र ग्रह का गोचर शुभफलदायी साबित हो सकता है। क्योंकि शुक्र देव आपके दशम स्थान में गोचर करेंगे, जिसे कार्यक्षेत्र और नौकरी का स्थान कहा जाता है। इसलिए इस समय आपको नई नौकरी का न्योता आ सकता है। इसके साथ ही काम में अधिक सफलता मिल सकती है। मीन राशि के जातकों को आकस्मिक लाभ हो सकता है। इस समय आप व्यापार में नया निवेश कर सकते हैं, क्योंकि समय आपके अनुकूल दिख रहा है।