अमित शाह का कांग्रेस पर तंज, कहा - मप्र में 3 परिवारों की चलती है, आदेश- गांधी परिवार, निर्देश- कमलनाथ और कपड़े दिग्विजय सिंह के फटते है

Amit Shah

अमित शाह ने जबलपुर में की जनसभा

अमित शाह ने जबलपुर में की जनसभा

जबलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार से मध्य प्रदेश के तीन दिवसीय प्रवास पर हैं। वे दोपहर में विशेष विमान से जबलपुर पहुंचे। यहां पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। शाह ने जबलपुर में जनजातीय नायक राजा शंकर शाह और उनके पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान स्थल पर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मालगोदाम चौक स्थित राजा शंकर शाह- रघुनाथ शाह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।



उन्होंने यहां आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हर साल एक दिवाली होती है, इस बार आप तीन दिवाली मनाएंगे। एक दिवाली के दिन, दूसरी मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी तब और तीसरी दिवाली तब मनेगी जब मोदी जी के कर कमलों से भगवान श्रीराम लला के मंदिर का उद्घाटन होगा। कांग्रेस, आजादी के समय से राम मंदिर को लटका-भटका रही थी, लेकिन मोदी जी ने चुपचाप जाकर भूमिपूजन कर दिया और अब 22 जनवरी को मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि पहले जल, जंगल और जमीन की बात होती थी। लेकिन अब जल, जंगल, जमीन के साथ सुरक्षा, सम्मान और समावेशी विकास की बात होती है।70 साल तक कभी देश की राष्ट्रपति की कुर्सी पर कोई आदिवासी भाई-बहन नहीं बैठ पाया था। लेकिन प्रधानमंत्री ने उड़ीसा की आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू जी को देश का महामहिम राष्ट्रपति बनाया।

अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में तीन परिवारों का बोलबाला है। गांधी परिवार, कमलनाथ परिवार और दिग्विजय परिवार। जहां तीन तिगड़ा होता है, वहां काम बिगड़ता है। आदेश गांधी परिवार का चलता है , निर्देश कमलनाथ परिवार का और गलती होती है तो चांटा दिग्विजय के गाल पर ठोक देते हैं। ये जहां जाते हैं वहां दिग्विजय के कपड़े फाड़ते हैं। जो परिवार के लिए राजनीति में हैं, वो देश और प्रदेश का भला नहीं कर सकते।


Tags

Next Story